कम चार्ज में दुबई जाने का जुगाड़ निकाल लाए इंदौरी

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से समर शेड्यूल में दुबई और शारजाह के लिए सीधी उड़ानें विमान कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा शुरू की गई है। सप्ताह में चार दिन यूएई के लिए उड़ानें होने से यात्रियों की जेब को भी फायदा पहुंचा रहा है। शारजाह उड़ान के कारण दुबई उड़ान का दबाव भी कम हुआ है। इसलिए दुबई फ्लाइट का किराया 10 हजार रुपये के करीब पहुंच गया, जो पहले 20 हजार से ऊपर रहता था। शारजाह फ्लाइट का किराया 10 हजार के नीचे है।
विमान कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा सप्ताह में एक दिन दुबई और तीन दिन शारजाह के लिए सीधी उड़ान संचालित की जा रही है। इससे इंदौर से दुबई जाने वाले यात्रियों को शारजाह फ्लाइट का अतिरिक्त विकल्प मिल गया। दुबई उड़ान का किराया बढ़ने पर लोग शारजाह उड़ान का विकल्प चुन रहे है। इससे दुबई उड़ान का किराया भी नीचे आ चुका है।
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन आफ इंडिया के अध्यक्ष हैमेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि पहले दुबई के लिए एक उडान होने से पूरा दबाव इसपर रहता था, लेकिन अब शारजाह का विकल्प यात्रियों को मिल रहा है । इसलिए यात्री दोनों उड़ानों में डिवाइड हो गए है । शारजहां से 30 मिनट में सड़क मार्ग से दुबई पहुंचा जा सकता है । दुबई वेस्टर्न वल्ड का गेटवे है, इसलिए यूरोप और यूएस जाने वाले भारतीय दुबई होते हुए जाते है। सप्ताह में चार दिन उड़ान होने से यात्रियों को टिकट के लिए ज्यादा राशि भी नहीं खर्च करना पड़ रही है ।
60 हजार तक पहुंचा था किराया
हैमेंद्र सिंह जादौन का कहना है इंदौर से पहले दुबई के लिए सप्ताह में एक दिन सीधी उडान थी, इसलिए इंदौर से हमेशा दुबई का किराया 20 हजार से ज्यादा ही रहा। इंदौर से दुबई का किराया 60 हजार रुपये भी पहुंच गया था । ऐसे में लोग अन्य शहरों से होकर दुबई जाने लगे थे, क्योकि उन शहरों से दुबई का किराया आधे से भी कम रहता था। अब उड़ानों में विकल्प मिलने से किराया लोगों को राहत पहुंचा रहा है।
दुबई के लिए साढ़े दस हजार में टिकट
इंदौर से प्रत्येक शुक्रवार को दुबई के लिए फ्लाइट रवाना होती है। अप्रैल माह में चार दिन इंदौर से दुबई के बीच उड़ान संचालित होगी। इंदौर से दुबई का अप्रैल माह में टिकट के दाम 10774 रुपये है, जबकि गुरुवार को दुबई से आने वाली फ्लाइट का किराया भी अप्रैल माह में 9863 रुपये हैै। सिर्फ 20 अप्रैल को आने वाली फ्लाइट का किराया ही 16 हजार रुपये है।
शारजाह उड़ान भी पहुंचा रही फायदा
इंदौर से शारजाह के बीच सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को सीधी उड़ाने संचालित हो रही है। अप्रैल माह में इंदौर से शारजाह के बीच 11 दिन उड़ानों का संचालित होगी। अप्रैल माह में इंदौर से शारजाह का किराया 9724 रुपये है । जबकि शारजाह से इंदौर आने का किराया भी 8964 रुपये है ।


