तेज हवा-पानी के साथ गिरे ओले फसलों को नुकसान

राजगढ़। जिले में सोमवार दोपहर को एक बार फिर से तेज हवा व पानी के साथ कई हिस्सो में ओलावृष्टि हुई है। ओले गिरने के कारण फसलों के नुकसान की आशंका व्यक्त की जा रही है। खिलचीपुर क्षेत्र में ओले गिरने की शुरूआत हुई, इसके बाद राजगढ में ओले गिरे हैं। जबकि वर्षा जिले के अधिकांश हिस्सो में देखने को मिली है।
जानकारी के मुताबिक 16 मार्च से ही जिले में माैसम खराब चल रहा है। पिछले करीब पांच दिन से मौसम खराब होने के साथ ही ओले गिरने व वर्षा होने का क्रम जारी है। एक दिन पहले रविवार शाम को ब्यावरा-पचोर के बीच में भिलवाडिया-पूनरखे़डी सहित करीब आधा दर्जन गांवों में ओले गिरे थे। इसके बाद सोमवार दोपहर में खिलचीपुर के आसास के गांवाें में ओलावृष्टि हुई है। पीपल्याकुल्मी, मोयाखेडा में ओले गिरे हैं। इसके आलावा इन गांवों से सटे करीब आधा दर्जन गांवों में ओले गिरने की जानकारी लगी है। इसके अलावा जिला मुख्यालय पर भी मक्का के आकार के ओले गिरे है। यह ओलावृष्टि सभी दूर 2 से लेकर 5 मिनिट तक हुई है। ओले गिरने के कारण किसानों ने खेतों में खड़ी गेहूं, चना व धनिया की फसलों को नुकसान होने की आशंका व्यक्त की है। किसानों का कहना है कि ओलो व पानी के कारण खड़ी व कटी फसल दोनों में नुकसान हुआ है। इसके अलावा जिले के ब्यावरा, सुठालिया व सारंगपुर क्षेत्र में वर्षा भी हुई है। इन हिस्सो में तेज हवाएं चलने के साथ ही वर्षा हुई है। सभी दूर 15 मिनिट से लेकर आधो घंटे तक वर्षा हुई है। जिसके कारण फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों द्वारा सर्वे करने व मुआवजा प्रदान करने की भी मांग की जा रही है। उधर मौसम विभाग ने रात तक एक बार फिर से जिले में वज्रपात व वर्षा होने की आशंका व्यक्त की है।