रतलाम में छोटे कांटों से गेहूं की तुलाई दो-दो दिन में आ रहा किसानों का नंबर

रतलाम। रतलाम जिले में समर्थन मूल्य केंद्रों पर पर छोटे कांटों से गेहूं की तुलाई करने के कारण तुलाई में देरी हो रही है, जिसके चलते किसानों का दो-दो दिन में नंबर नहीं आ रहा है। केंद्र पर दो दिन रुकने से किसान परेशान हो रहा, इस कारण किसानों में रोष है। किसानों ने मंगलवार दोपहर ईटावा माताजी रोड पर एक ही वेयर हाउस में स्थित बांगरोद नौगांवा सहकारी समिति के दो केंद्रों पर आक्रोश व्यक्त करने लगे। इसी बीच प्रदेश कांगेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया समर्थकों के साथ केंद्र पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा कर बड़े कांटे से तुलाई करने का कहकर किसानों की समस्या दूर करने की मांग की।
किसानों को दी समझाइश
रतलाम जिले में 26 हजार 491 किसानों ने पंजीयन कराया है। खरीदी के लिए 66 केंद्र बनाए गए है। अब तक 1143 किसानों से 79 हजार 450 क्विटंल की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी की रफ्तार कम होने से किसानों में रोष फैल रहा है। सोमवार को खाचरौद रोड स्थित बांगरोद सहकारी समिति के केंद्र पर तीन दिन से किसानों का नंबर नहीं आने से उनमें रोष फैल गया था। किसानों ने चक्काजाम कर बड़े कांटे से तुलवाई करने की मांग की थी। इसके बाद बड़े कांटे से तुलवाई का आश्वासन देने पर जाम खत्म किया गया था। वहीं मंगलवार को ईटावा माताजी रोड पर एक ही वेयर हाउस में स्थित दो केंद्रों पर तुलाई में विलंब होने से किसानों में रोष फैल गया। किसान छोटे कांटे बढ़ाने या बड़े कांटे से तुलाई करने की मांग करते हुए रोष जाहिर करने लगे, केंद्र प्रभारी गोपाल गौड़ व अन्य अधिकारी ने किसानों को समझाइश दी।
बड़े कांटे से तौलने पर समय कम लगेगा
किसान दिनेश पाटीदार व सुरेश पाटीदार निवासी ग्राम रिंगनिया ने बताया कि दो दिन पहले गेहूं की ट्राली लेकर आए थे, आज तीसरा दिन है, दोपहर तक नंबर नहीं आया है। धूप में परेशान हो रहे है, कई किसान किराये से ट्रैक्टर ट्राली लाए है, उन्हें एक दिन की बजाये तीन दिन का किराया भी देना पड़ रहा है। छोटे कांटे से एक ट्राली तौलने में दो-दो घंटे लग रहे है। हमारी मांग है कि बड़े कांटे से पूरी ट्राली तौल ली जाए, चार-पांच मिनट ही लगेंगे, लेकिन शासन प्रशासन किसानों की मांग नहीं मान रहा है। किसान समरथ धाकड़ निवासी ग्राम धमोत्तर ने बताया कि तीन दिन से परेशान हो रहे है, जिनका स्लाट पहले बुक था, वे बाद में आ रहे है। बाद में आने वालों का पहले खरीदा जा रहा है, जबकि जो पहले से खड़े है, उनका गेहूं पहले खरीदा जाए।
किसानों को परेशान किया जा रहा है
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने बताया था कि किसान परेशान हो रहे है, इसलिए केंद्र पर समस्या सुनने आए है। केंद्र पर गेहूं से भरे वाहनों की कतार लगी है और किसान परेशान हो रहे है। समिति प्रबंधक, केंद्र प्रभारी आदि अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें किसानों की समस्या से अवगत कराकर बड़े कांटे से तुलाई करने के लिए कहा है। भूरिया ने कहा कि शासन प्रशासन जानबूझकर किसानों को परेशान कर रहा है। केंद्रों (वेयर हाउस) पर बड़े कांटे है तो उनसे तुलाई क्यों नहीं कराई जा रही है। वहीं एक क्विंटल पर दो-दो किलो गेहूं काटा जा रहा है, जबकि सुखा गेहूं आ रहा है। कटौती बंद करो। जल्दी से जल्दी किसानों से खरीदी करें, ताकि वे समय पर घर जा सके। अधिकारियों ने कहा कि बड़े कांटे से तुलाई शुरू कर देंगे। इस दौरान उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश पटेल, जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा आदि थे।
दो-दो कांटों से तुलाई कराई जा रही है
शासन के निर्देशों के तहत खरीदी व तुलाई की जा रही है। दोनों केंद्रों पर दो-दो कांटों से तुलाई कर रहे है। वरिष्ठ अधिकारी कहेंगे तो बड़े कांटे से भी तुलाई की जाएगी। – गोपाल गौड़, केंद्र प्रभारी

