जय महाकाल…कोहली और राहुल कर रहे कमाल

इंदौर। खेल के मैदान में कई मौके आते हैं, जब प्रदर्शन से ज्यादा चमत्कार की आस होती है। प्रशंसक हाथ जोड़ने लग जाते हैं। भारतीय टीम की आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में जीत किसी चमत्कार की तरह रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया 39 रनों पर चार विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे में जीत का चमत्कार उस बल्लेबाज ने किया, जिनके टीम में चयन पर भी सवाल उठ रहे थे। जिस चमत्कारिक अंदाज में राहुल का फार्म बदला, वैसा ही बदलाव विराट कोहली के फार्म में भी नजर आया। उन्होंने अहमदाबाद में 39 माह बाद टेस्ट शतक लगाया। दोनों उज्जैन में सपत्नीक भगवान महाकाल के पूजन को पहुंचे थे।
पत्नी अथिया शेट्टी के साथ राहुल ने किए थे दर्शन
केएल राहुल को खराब फार्म के चलते इंदौर में आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया था। क्रिकेट के सभी प्रारूपों में पिछली 12 पारियों में उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया था, वह भी श्रीलंका के खिलाफ। इंदौर आए राहुल पत्नी अथिया शेट्टी के साथ उज्जैन में महाकाल के पूजन के लिए पहुंचे थे। पूजन के बाद राहुल अपना पहला मैच खेलने नागपुर में उतरे थे। रनों के लिए जूझने वाले राहुल का बल्ला यहां तांड़व मचा रहा था। राहुल ने 75 रनों की नाबाद पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया।
पत्नी अनुष्का के साथ पूजन करने गए थे विराट
ऐसा ही चमत्कार विराट कोहली के साथ भी देखने को मिला, जिसका इशारा उन्होंने भी चौथे टेस्ट के बाद किया। इंदौर आने के बाद विराट भी पत्नी अनुष्का के साथ भगवान महाकाल का पूजन करने गए थे। अहमदाबाद में चौथे टेस्ट में विराट ने 186 रनों की पारी खेली और मैन आफ द मैच बने। उन्होंने 39 माह बाद टेस्ट शतक बनाया था। मैच के बाद उन्होंने कहा था, टेस्ट में बड़ा स्कोर नहीं बना पाने से मैं हताश था। अब बेहतर आत्मविश्वास से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में कदम रखूंगा। भारतीय कोच राहुल द्रविड़ ने भी कहा था कि वे भी विराट के बल्ले से बड़ी पारी का इंतजार कर रहे थे।

