मुख्य समाचार
यूपी में टैक्स फ्री हुई ‘कृष्णावतारम्’, सीएम योगी बोले- नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने वाली फिल्म

भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को यूपी सरकार ने टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। लोकभवन में आयोजित फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग में सीएम योगी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मंत्रिमंडल के कई सदस्य शामिल हुए।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और सनातन संस्कृति पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। रविवार को लोकभवन सभागार में आयोजित फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह ऐलान किया। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मंत्रिमंडल के नए सदस्य और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम केवल एक फिल्म स्क्रीनिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के संदेश का भी केंद्र बना। खास बात यह रही कि फिल्म में सत्यभामा की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री संस्कृति, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नातिन हैं।

