नीलकंठ मिश्रा बने वर्ल्ड बैंक में भारत के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर

नई दिल्ली: अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा को 3 साल के लिए वर्ल्ड बैंक मुख्यालय में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उनकी ये नियुक्ति अमेरिका के वाशिंगटन डीसी के लिए हुई है। आधिकारिक आदेश के मुताबिक केंद्र सरकार ने अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा को नियुक्त करने का फैसला लिया है। नीलकंठ मिश्रा तीन साल के कार्यकाल के लिए इस पद पर रहेंगे और पूर्व IAS अधिकारी परमेश्वरन अय्यर की जगह लेंगे।
कई बैंकों में बड़े पद पर किया काम
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने इस नियुक्ति को मंजूरी दी है। जब तक नीलकंठ मिश्रा पद्भार ग्रहण नहीं करते, तब तक अय्यर का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। मिश्रा फिलहाल प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य हैं और एक अर्थशास्त्री तथा बाजार विशेषज्ञ के तौर पर अपने काम के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले उन्होंने एक्सिस बैंक और क्रेडिट सुइस में सीनियर पदों पर काम किया है।
भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
कार्यकारी निदेशक के तौर पर नीलकंठ मिश्रा वर्ल्ड बैंक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो दुनिया के सबसे बड़े डेवलपमेंट कर्जदाताओं में से एक है। जो बुनियादी ढांचे, गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आर्थिक विकास से संबंधित परियोजनाओं का वित्तपोषण करता है। यह नियुक्ति भारत के सबसे प्रसिद्ध अर्थशास्त्रियों में से एक को ऐसे समय में एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पद पर रखती है जब विकासशील देश विकास, बुनियादी ढांचे और जलवायु-संबंधी परियोजनाओं के लिए अधिक धन की मांग कर रहे हैं।

