यहां मिलता है रायपुर का सबसे सस्ता इडली-डोसा स्वाद के शौकीनों का लगता है मेला

रायपुर। अगर आप साउथ इंडियन व्यंजन इडली, दोसा, सांभर बड़ा के शौकीन हैं तो रायपुर के देवेंद्र नगर आइए। देवेंद्र नगर चौक पर ही आपको प्रेम इडली सेंटर में गरमागरम इडली, दोसा, सांभर बड़ा वाजिब कीमत में मिलेंगे। वैसे तो शहर में बहुत से इडली, दोसे के सेंटर है, लेकिन यहां का स्वाद अलग ही रहा है और आप बड़े-बड़े रेस्टारेंट के इडली, दोसे का स्वाद भूल जाएंगे।
प्रेम इडली सेंटर में सुबह दुकान खुलते ही ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है और दोपहर, शाम को भी ग्राहकों की भीड़ जमी रहती है। यहां का स्वाद ऐसा कि देवेंद्र नगर क्षेत्र के साथ ही दूर-दूर के लोग भी यहां इडली, दोसे का लुत्फ उठाने आते हैं। यहां इडली 25 रुपये प्लेट में उपलब्ध है और दोसा 35 रुपये से शुरू है। सुबह आठ बजे से लेकर देर शाम तक खुलने वाले इस इडली सेंटर की लोकप्रियता के बारे में इससे ही समझा सकता है कि रोजाना लगभग 10 हजार रुपये का कारोबार होता है।
ठेले में शुरू किया था व्यवसाय
प्रेम इडली सेंटर के संचालक प्रेमनारायण साहू ने बताया कि उन्होंने अपने भाई घनश्याम साहू के साथ वर्ष 2005 में इडली, दोसे का ठेला लगाना शुरू किया था। देवेंद्र नगर चौक के ही पास उनका ठेला लगता था। इसके बाद भी उन्होंने स्वयं का दुकान लिया और यहां अपना सेंटर चला रहे है। शुद्धता का ध्यान रखने के साथ ही बेहतरीन क्वालिटी के कारण लोग इसे काफी पसंद करते हैं। प्रेमनारायण ने बताया कि उन्होंने अपने साथ एक कर्मचारी को भी रखा है। आने वाले दिनों में इस इडली सेंटर का और विस्तार करने की भी योजना है।

