जहां की थी मोदी सरनेम को लेकर टिप्पणी, वहीं से ‘सत्यमेव जयते’ आंदोलन शुरू करेंगे राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष ने कही ये बात

बेंगलुरु : पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 5 अप्रैल को कर्नाटक के कोलार से कांग्रेस पार्टी का देशव्यापी ‘सत्यमेव जयते’ आंदोलन शुरू करेंगे। यह जानकारी कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने दी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कोलार ही वो जगह है, जहां राहुल गांधी ने आम सभा में मोदी सरनेम पर टिप्पणी की थी।
पूरे देश में जाएगा सत्यमेव जयते आंदोलन
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस प्रमुख शिवकुमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के साथ एक संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान यह बात कही। शिवकुमार ने कहा, ‘‘राहुल गांधी की अयोग्यता का मुद्दा कोलार में उनके भाषण के साथ शुरू हुआ था। 5 अप्रैल को राहुल गांधी कोलार आएंगे और वहां से अपना सत्यमेव जयते आंदोलन शुरू करेंगे, जो पूरे देश में जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने उनसे यहां से शुरुआत करने के लिए कहा। वह तैयार हो गए हैं और इसके लिए तैयारी चल रही है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य नेताओं की उपस्थिति में गांधी ”कोलार की धरती से बदलाव का संदेश” देंगे। बता दें कि 23 मार्च को, गांधी को गुजरात के सूरत की एक अदालत ने उनकी ‘‘मोदी उपनाम’’ संबंधी टिप्पणी से जुड़े आपराधिक मानहानि के एक मामले में दो साल जेल की सजा सुनाई थी। एक दिन बाद, उन्हें इस मामले में दोषी ठहराए जाने की तिथि से लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। गांधी ने यह टिप्पणी कथित तौर पर अप्रैल 2019 में कोलार में की थी।

