कल से फ्री बिजली, 500 रुपए में सिलेंडर:महिलाओं का रोडवेज बस में आधा किराया

1 अप्रैल यानी नए फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत। और, इसी के साथ आपके जीवन में बहुत कुछ बदलने वाला है। कल से कई सुविधाओं के लिए ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ेगा तो फ्री बिजली से लेकर किराया तक में आपको छूट मिलने वाली है।
कल से गैस सिलेंडर सस्ता मिलेगा, बिजली के बिल अब किसान और आम उपभोक्ताओं दोनों को थोड़े राहत देने वाले हैं। इसके साथ ही सरकार की कई योजनाएं भी कल से लागू हो जाएगी।
11 लाख किसानों को फ्री बिजली
प्रदेश के 11 लाख किसानों को 2000 यूनिट महीने तक फ्री बिजली मिलनी शुरू हो जाएगी। किसान को रोज 66 यूनिट तक बिजली फ्री मिलेगी। फ्री बिजली का फायदा कृषि कनेक्शन पर मिलेगा। इसी तरह आम बिजली उपभोक्ताओं को 100 यूनिट महीने तक फ्री बिजली मिलेगी।
सीएम अशोक गहलोत ने इस साल के बजट में किसानों को 2000 यूनिट हर महीने तक किसानों और आम उपभोक्ताओं को फ्री देने की घोषणा की थी।
500 रुपए में गैस सिलेंडर
उज्ज्वला योजना वाले परिवारों को कल से 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। हर महीने री-फिलिंग के केवल 500 रुपए देने होंगे बाकी पैसा राज्य सरकार भरेगी। सीएम ने राहुल गांधी की यात्रा में मालाखेड़ा की सभा में इसकी घोषणा की थी। इसके बाद बजट में इसकी घोषणा की थी। इसे एक अप्रैल से लागू किया जाएगा।
रोडवेज बसों में महिलाओं का आधा किराया
कल से राजस्थान में रोडवेज की बसों में आधा किराया ही देना पड़ेगा। महिलाओं को रोडवेज किराए में छूट 30 से बढ़ाकर 50 फीसदी करने की बजट घोषणा आज रात 12 बजे बाद से ही लागू हो जाएगी। राजस्थान की सीमा में रोडवेज की बसों में यह छूट मिलेगी। यह छूट रोडवेज की लोकल और एक्सप्रेस बसों में मिलेगी, लेकिन वॉल्वो-स्केनिया बसों में ये सुविधा नहीं मिलेगी।

