अमित शाह का सासाराम दौरा रद्द रामनवमी के दिन भड़की थी हिंसा

रामनवमी के मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा भड़की। ताजा खबर बिहार के नालंदा और पश्चिम बंगाल के हावड़ा से है। दोनों शहरों में धारा 144 लगा दी गई है। नालंदा में 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
इस बीच, बिहार के सासाराम से खबर है कि यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा रद्द कर दिया गया है। शाह को 2 अप्रैल को सासाराम आना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से दौरा रद्द कर दिया गया है। रामनवमी पर यहां भी हिंसा भड़की थी।
बिहार के नालंदा में शुक्रवार को रामनवमी के जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प में कम से कम 14 लोग घायल हो गए। लहेरी थाना क्षेत्र के गगन दीवान के पास उपद्रवियों ने पथराव किया और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
सदर अस्पताल के डॉ. विश्वजीत कुमार ने बताया,14 लोगों को यहां लाया गया था। उनमें से 4 को गोली लगी थी, जिनमें से 3 को पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया है। एक व्यक्ति आईसीयू में भर्ती है।
इसी तरह, पश्चिम बंगाल सरकार ने शुक्रवार को रामनवमी समारोह के दौरान हिंसा भड़कने के बाद हावड़ा में धारा 144 लागू कर दी। हावड़ा पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को भी 36 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से 15 लोगों को अदालत ने आगे की जांच के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है और बाकी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

