ट्रेन में शख्स को लगाई आग फिर पटरियों पर मिली 3 लाश जानिए क्या हुआ कोझिकोड में

केरल के कोझिकोड में चलती ट्रेन में एक शख्स को आगे के हवाले करने का मामला सामने आया है। इस घटनाक्रम की जांच कर रही पुलिस उस समय उलझ गई जब पता चला कि उसी ट्रेन में सवार तीन लोगों की लाश पटरी पर मिली है। आरोपी फरार है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
अब तक की जानकारी के मुताबिक, इस घटनाक्रम की शुरुआत बीती रात 9.45 बजे हुई। जब अलप्पुझा-कन्नूर एग्जीक्यूटिव एक्सप्रेस ट्रेन कोझिकोड स्टेशल को पार करने के बाद कोरापुझा रेलवे पुल पर पहुंची, तो एक अज्ञात व्यक्ति ने अन्य यात्री पर ज्वलनशील तरल डाला और उसे आग लगा दी। इस घटनाक्रम में कम से कम आठ लोग झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद आरोपी भागने में सफल रहा। यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रुकवाया और पुलिस बुलाई। तब तक घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया।
जब ट्रेन कन्नूर पहुंची, तो कुछ यात्रियों ने घटना के बाद एक महिला और एक बच्चे के लापता होने की शिकायत की। एक यात्री ने कन्नूर में मीडिया को बताया, ‘एक व्यक्ति, जो घायल हो गया था, एक महिला और एक बच्चे की तलाश जारी है। हमें उस महिला के जूते और एक मोबाइल फोन मिला है।’
इसके बाद सूचना आई कि एलाथुर रेलवे स्टेशन के पास पटरियों पर एक साल के मासूम के साथ ही एक महिला और एक अन्य शख्स मृत पाए गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह तेजाब से हमला करने का मामला भी हो सकता है। पटरियों पर मिले शव को लेकर पुलिस का मानना है कि चलती ट्रेन में आग देखकर इन्होंने ट्रेन से उतरने की कोशिश की गई और उसी दौरान मौत हो गई।

