भाजपा की बड़ी बैठक आज 10 अप्रैल को आ सकती है प्रत्याशियों की पहली लिस्ट

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार और रविवार को कर्नाटक में रहेंगे। इस दौरान पार्टी के आला नेताओं की बैठक होगी और उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए जाएंगे। माना जा रहा है कि सबकुछ ठीक रहा तो 10 अप्रैल को पार्टी अपनी पहली लिस्ट जारी कर सकती है।
कांग्रेस प्रत्याशियों की दो लिस्ट जारी कर चुकी है। इसके चलते भी भाजपा पर दबाव बढ़ गया है। कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को भाजपा पर कटाक्ष किया और कहा कि कांग्रेस ने राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की दो सूचियां जारी की हैं, लेकिन भाजपा अपनी पहली सूची भी जारी नहीं कर पाई है।
अन्नाद्रमुक का पन्नीरसेल्वम गुट कर्नाटक चुनाव में उतार सकता है उम्मीदवार
अन्नाद्रमुक पार्टी के नेता और तमिलनाडु के पूर्व सीएम ओ पन्नीरसेल्वम ने लोकसभा चुनाव 2024 लड़ने का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी अन्नाद्रमुक पार्टी के चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
पन्नीरसेल्वम पार्टी में अपनी पकड़ बनाने के लिए भी कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी सिलसिले में उनके समर्थक पी पुगझेंधी ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा से बेंगलुरु में मुलाकात की है।

