1000 किलो का लड्डू चढ़ेगा पवनपुत्र को

संकट मोचन हनुमान जी की जन्म महोत्सव को लेकर संस्कारधानी जबलपुर में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। सभी धार्मिक स्थलों पर अपने-अपने स्तर पर तैयारियां चालू हैं। लघु काशी गढ़ा के प्राचीन पचमठा हनुमान मंदिर परिसर में इस वर्ष भी हनुमंत लला को उनके जन्म महोत्सव पर एक टन का महालड्डू प्रसादम भोग विशेष रूप से अर्पित किया जा रहा है। मंदिर परिसर में हनुमान मंदिर सेवा समिति और महिला मंडल द्वारा विगत 23 वर्षों से हनुमान जन्म महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है| महालड्डू प्रसादम का भोग जबलपुर के विशेष कारीगरों ने तैयार किया है, इसे मंदिर परिसर में ही भक्तों के दर्शनार्थ रख दिया गया है। 1000 किलो वजन के इस महालड्डू प्रसादम को देखने के लिए भक्तगण पहुंच भी रहे हैं। हनुमंत लला का जन्म महोत्सव छह अप्रैल को है। इसलिए तक महालड्डू प्रसादम को छह अप्रैल तक दर्शनार्थ रखा जा रहा है। इस दौरान मंदिर परिसर में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी चल रहा है।
पांच अप्रैल को आयोजन समिति द्वारा नर्मदा जल और आटे से निर्मित सैकड़ों दीपों से मंदिर परिसर को रौशन किया जाएगा। जन्म महोत्सव यानी छह अप्रैल को सुबह छह बजे अभिषेक, सुंदरकांड और हवन का आयोजन होगा। जबकि रात्रि नौ बजे हनुमत लला को छप्पन भोग अर्पित कर महाआरती की जाएगी। हनुमान मंदिर सेवा समिति और महिला मंडल पचमठा मंदिर परिसर द्वारा पिछले वर्ष भी एक टन का महालड्डू प्रसादम भोग अर्पित किया था। इस वर्ष भी संस्कारधानी के समग्र विकास और सभी की सुख समृद्धि की कामना के लिए महा लड्डू प्रसादम भोग अर्पित किया जा रहा है। आयोजन समिति का कहना है कि लड्डू प्रसादम का भोग शहर वासियों के साथ दूरदराज के भक्तों तक भी पहुंचाया जाएगा




