भोपाल में स्कूलों के लिए ई-रिक्शा पर रोक, 21 जुलाई से
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंहने ई-रिक्शा को बच्चों के लिए असुरक्षित मानते हुए

राजधानी भोपाल में जिन अभिभावकों के बच्चे ई-रिक्शा से स्कूल आते-जाते हैं कल से नहीं जा पाएंगे। सोमवार 21 जुलाई से स्कूली बच्चों के ई-रिक्शा से स्कूल आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने ई-रिक्शा को बच्चों के लिए असुरक्षित मानते हुए प्रतिबंध का आदेश जारी कर दिया है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
सांसद की बैठक के बाद आया निर्णय
यह फैसला शुक्रवार, 18 जुलाई को भोपाल सांसद आलोक शर्मा द्वारा बुलाई गई ट्रैफिक सुधार बैठक के बाद लिया गया। बैठक में कलेक्टर सिंह ने सुझाव दिया कि छोटे बच्चों को ई-रिक्शा में स्कूल भेजना सुरक्षित नहीं है और इसे बंद किया जाना चाहिए। बैठक के तुरंत बाद कलेक्टर ने आदेश भी जारी कर दिए।
पुलिस और विशेषज्ञों की राय के बाद हुआ निर्णय
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि यह निर्णय पुलिस और ट्रैफिक विशेषज्ञों की राय के आधार पर लिया गया है। भले ही भोपाल में अब तक कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ हो, लेकिन अन्य शहरों में ई-रिक्शा पलटने से दुर्घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
ट्रैफिक सुधार को लेकर गंभीर प्रशासन
भोपाल की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए सांसद आलोक शर्मा ने जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और PWD अधिकारियों के साथ बैठक की। वर्किंग प्लान न देने पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई। बैठक में यह भी तय किया गया कि एक सप्ताह के भीतर शहर के लेफ्ट टर्न सुधार लिए जाएंगे।

