रात के अंधेरे में नदी किनारे ऐसा काम कर रहे थे बदमाश, अब खाएंगे जेल की हवा

शिवपुरी। खनियाधाना पुलिस ने बीती रात वनवास में बगदर नदी किनारे दबिश देकर अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री को पकड़ा है। पुलिस ने फैक्ट्री में लगभग ₹5 लाख रूपए कीमत का शराब बनाने का सामान नष्ट करने के साथ तीन आरोपियों पर आबकारी एक्ट का मामला दर्ज किया है, जिसमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
टीआई सुरेश शर्मा ने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली की ग्राम वनवास में बगदर नदी के किनारे कटारिया के आम के पेड़ के पास कुछ लोग अवैध रूप से शराब बनाने की फैक्ट्री लगाकर शराब बना रहे हैं। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची तो वहां भट्टियां जल रही थी और 3 लोग बैठे थे। जैसे ही इन लोगों ने पुलिस को देखा तो वे भागने लगे पुलिस ने एक युवक अवधेश को पकड़ लिया, जबकि दो युवक भागने में सफल हो गए।
पकड़े गए युवक ने बताया कि वह गुड खरीद कर उसका लहान तैयार करते हैं और यूरिया डालकर शराब बनाते हैं । पुलिस को मौके पर लगभग ₹5 लाख रुपए कीमत का सामान मिला, जिसे नष्ट कर दिया गया। वहीं आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।


