कोर कमेटी तय करेगी नियुक्तियों के लिए नाम

ग्वालियर: भाजपा कोर कमेटी की बैठक गुरुवार को मुखर्जी भवन में जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व जिलाध्यक्ष अभय चौधरी की मौजूदगी में हुई। बैठक में कोर कमेटी में चर्चा किए बगैर प्राधिकरण की नियुक्तियों के लिए नाम प्रदेश नेतृत्व काे भेजे जाने का मुद्दा गरमाया। कमेटी के सदस्यों ने जिलाध्यक्ष से सवाल किया कि बगैर कोर कमेटी में चर्चा किए नाम कैसे भेजे गए। इन सवालों के बीच तय हुआ कि जब भी प्रदेश अध्यक्ष द्वारा राजनीतिक नियुक्तियों के लिए नाम मांगे जाएंगे। नाम भेजने से पहले कोर कमेटी की बैठक बुलाकर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही हजार बिस्तर अस्पताल, नए आरओबी का लोकार्पण कराने व सड़कों के निर्माण पर भी चर्चा हुई। बैठक शुरू होते ही जिलाध्यक्ष ने चर्चा के लिए एजेंडा रखा। पूर्व जिला अध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कमल माखीजानी ने कहा कि इस एजेंडे पर चर्चा तो हो जाएगी। पहले स्पष्ट किया जाए कि बगैर कोर कमेटी में चर्चा के नाम कैसे भेजे गए। इस पर पूर्व साडा अध्यक्ष जय सिंह कुशवाह ने सहमति जताते हुए कहा कि नाम भेजने से पहले कोर कमेटी की स्वीकृति ली जाए। इस पर सहमति हुई।
मंडलों के विस्तार पर स्थिति स्पष्ट की जाए
मंडलों के विस्तार, मंडल अध्यक्ष बदले जाने व जिला कार्यकारिणी में परिवर्तन को लेकर पार्टी और पार्टी से बाहर चर्चाएं चल रही हैं। इन पर चुनाव से पहले विराम लगाया जाए। जिसके कारण संगठन का काम भी प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि चार-पांच दिन में इस पर निर्णय कर लिया जाएगा।
सड़कों के लिये सरकार से पैसा मांगा जाए
कोर कमेटी की बैठक में बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा। सड़कों की हालत खराब होने के कारण चुनाव से पहले गलत संदेश जा रहा है। कांग्रेस सड़कों को मुद्दा बना रही है। इसलिए सड़कों का निर्माण प्राथमिकता से की जाए। इस संबंध में कोर कमेटी मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान और पैसे दिए जाने का अनुराध करे। बैठक में महामंत्री विवेक शर्मा, राजू सेंगर, हरीश मेवाफरोश मौजूद थे।


