हाईवे पर कंटेनर ने कार-बाइक को मारी टक्कर एक की मौत तीन जख्मी

नरसिंहपुर। सागर-नरसिंहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर गुरुवार की पूर्वान्ह सतधारा के पास हादसा हो गया। एक कंटेनर ने सामने से आ रही कार को टक्कर मारी तो कार एक बाइक से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन लोगों को गंभीर चोट आई। एक की इलाज दौरान करेली में मौत हो गई। वहीं बाइक सवार महिला को मामूली चोट आई है। घटना की सूचना के बाद कार सवार घायलों को दो एंबुलेंस से करेली के स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बरमान पुलिस ने कंटेनर को जब्त किया है। दुर्घटनाग्रस्त कार में मप्र शासन लिखा है।
कंटेनर क्रमांक एचआर 47 डी 4037 नरसिंहपुर से सागर की ओर जा रहा था। इनोवा कार क्रमांक एमपी 04 टीए 1946 भोपाल से नरसिंहपुर की ओर जा रही थी। हाइवे पर सतधारा स्थित पेट्रोल पंप तिराहेे के पास कंटेनर ने कार को टक्कर मारी तो दुर्घटनाग्रस्त कार एक बाइक से टकरा गई। घटना में कार का अगला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया वहीं उसमें सवार लेनिन जैकब पिता सनी 30, जैरी फाल पिता स्टीफन 54 एवं सफीक खान 45 सभी निवासी भोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बरमान पुलिस ने एक ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाइवे के किनारे कराया साथ ही करेली व सुआतला की एंबुलेंस से तीनों घायलों को इलाज के लिए करेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां इलाज दौरान सफीक की मौत हो गई।
बरमान चौकी प्रभारी संजय सूर्यवंशी ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार में मप्र शासन लिखा है लेकिन यह पता नहीं चल पाया है कि उक्त वाहन किस विभाग से संबंधित है।घायलों की स्थिति गंभीर होने से उनसे विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी है और तत्काल उन्हें घटनास्थल से स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया है इसलिए उनसे पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि घायल कहां जा रहे थे और भोपाल में कहां के रहने वाले हैं। घटना में बाइक सवार महिला को मामूली चोट आई है जो ग्राम हिरनपुर मोथेगांव निवासी है।


