मोहनपुरा में डकैती की योजना बनाते पांच बदमाशों को पकड़ा

उज्जैन। महाकाल पुलिस ने गुरुवार रात को बड़नगर रोड स्थित मोहनपुरा में डकैती की योजना बनाते हुए 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू कामा मिर्च पाउडर तथा टॉमी बरामद की है।
पुलिस ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार रात को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहनपुरा में सूने स्थान पर कुछ बदमाश बैठकर डकैती की योजना बना रहे हैं।
इस पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर जावेद निवासी बेगमबाग, अयाज निवासी नलिया बाखल, शोएब निवासी गरीब नवाज कालोनी, शाहरुख निवासी गरीब नवाज कालोनी तथा गणेश निवासी हरसिद्धि चौराहा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि सभी बदमाश राह से गुजरने वाले लोगों को लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चाकू, टामी तथा मिर्च पाउडर बरामद किया है। सभी आरोपितों के पूर्व से अपराधिक रिकार्ड हैं। पुलिस सभी से पूछताछ में जुटी है।


