देश
इंदौर में 51 हजार लोगों ने शुरू किया ढाई लाख हनुमान चालीसा का पाठ

इंदौर । इंदौर के पितृ पर्वत पर शनिवार शाम को 51 हजार लोगों ने हनुमानजी की विशाल मूर्ति के सामने बैठकर ढाई लाख से अधिक हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया। इस आयोजन में श्रीश्री रविशंकर भी शामिल हुए हैं।
आर्ट आफ लिविंग के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर चार साल बाद तीन दिनी प्रवास पर शनिवार को इंदौर पधारे हैं। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों को जीवन जीने की कला सिखाएंगे। उनके आगमन के पहले ही दिन शनिवार शाम को इंदौर ने एक बार फिर कीर्तिमान रचा। इंदौर के पितृ पर्वत पर विराजित 72 फीट ऊंचे पितरेश्वर हनुमानजी की मूर्ति के सामने 51 हजार लोगों ने बैठकर ढाई लाख से अधिक हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया। इसमें 182 देशों के लोग आनलाइन भागीदारी भी कर रहे हैं।

