शहर में बदला फूड कल्चर चायनीज और फास्टफूड ज्यादा पसंद

ग्वालियर। ग्वालियर में दो विख्यात आनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियां काम कर रही हैं। इन कंपनियों का मल्टी सिटी और मल्टीनेशनल फूड चेन्स सहित स्थानीय स्तर पर 300 से अधिक छोटे-बड़े होटल और रेस्टोरेंट से टाइअप है। इसमें सबसे प्रमुख बात यह है कि सिटी सेंटर, बसंत विहार जैसी पाश कालोनियों के अलावा नए रूप में विकसित हो रहे क्षेत्रों में भी आनलाइन डिलीवरी फूड की डिमांड तेजी से बढ़ी है। लोग अब ब्रेकफास्ट के अलावा लंच, ब्रंच और डिनर तक के लिए आनलाइन फूड आर्डर कर रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा फास्ट फूड की डिमांड है। कंपनियों के वैले भी इस तरह के फूड आइटम्स सर्व करने वाले होटल्स और रेस्टोरेंट के आसपास ही रहते हैं।
आनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियां आने के बाद शहर के फूड कल्चर में बदलाव आया है। लोग वीकेंड पर जहां शहर के फेमस होटल्स और रेस्टोरेंट्स में विभिन्न तरह के व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए पहुंचते हैं, वहीं नौकरीपेशा लोग घर पर फूड आर्डर करना पसंद करते हैं। एक समय पर शहर में पंजाबी व्यंजनों जैसे पनीर, नान, लच्छा पराठा की डिमांड ज्यादा थी, लेकिन अब ग्लोबलाइजेशन के दौर के चलते लोग चाइनीज डिशेज और फास्ट फूड जैसे बर्गर, पिज्जा ज्यादा आर्डर कर रहे हैं। शहर में प्रतिदिन होने वाले आनलाइन आर्डर में लगभग 70 प्रतिशत फूड आइटम्स यही होते हैं।
नाश्ते में पोहा और इडली की डिमांड
नाश्ते के लिए शहर में किए जाने वाले आनलाइन आर्डर में सबसे ज्यादा डिमांड पोहा-जलेबी के काम्बो की है, क्योंकि सुबह के समय लोग नाश्ते में पोहा ही खाना पसंद करते हैं। इसके अलावा साउथ इंडियन डिश इडली और सांभर वड़ा की भी मांग रहती है। इसके अलावा शाम के समय होने वाले आर्डर में वेज पनीर सैंडविच, पास्ता, पेटीज, राजकचौरी जैसे आइटम शामिल हैं।
मीठे में आइस्क्रीम व गुलाब जामुन पसंद
लोगों को खाने के साथ मीठे के दौर पर अलग-अलग फ्लेवर्स की आइसक्रीम के साथ ही गुलाब जामुन पसंद हैं। ये खाने के साथ मैन्यू में शामिल आइटम हैं, यदि अलग से मिठाई आर्डर करने की बात की जाए तो लोग काजू से बनी मिठाई खाना पसंद करते हैं। इसमें काजू कतली, काजू पान बर्फी शामिल है। इसके अलावा रसमलाई, चोको लावा केक, चोको चिप्स आइसक्रीम के भी सबसे ज्यादा आर्डर किए जाते हैं।
घर बैठे आता है डिस्काउंट में खाना
शहर में आनलाइन फूड आर्डर करने की आदत इसलिए बढ़ी है, क्योंकि इसमें लोगों को घर बैठे फूड आइटम डिलीवर हो जाते हैं। इसके अलावा आनलाइन फूड आर्डर करने पर आकर्षक डिस्काउंट भी दिए जाते हैं, जिसमें गिफ्ट वाउचर तक शामिल होते हैं। इसके कारण लोग आनलाइन फूड आर्डर करना काफी पसंद कर रहे हैं।


