मृत युवक के स्वजन से पुलिस ने की अभद्रता गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

सागर/नरयावली। दो दिन पहले नरयावली स्थित एक कुएं में जिस युवक का शव मिला था, उसके स्वजनों से पुलिस ने अभद्रता कर दी। इससे नाराज स्वजन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बीना-सागर मार्ग पर जाम लगा दिया। एक घंटे से ज्यादा समय से ग्रामीण सड़क पर डटे हुए हैं। गुस्साए ग्रामीण पुलिस पर अभद्रता करने सहित हत्या के मामले को दबाने का आरोप लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नरयावली निवासी उमा सोनी का 20 वर्षीय पुत्र आर्यन सोनी एक अप्रैल से लापता था। सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। 3 अप्रैल को आर्यन का शव नरयावली के एक कुएं में मिला था। स्वजनों के अनुसार मृतक के हाथ आगे से बंधे हुए थे और शरीर पर चोटों के निशान थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया और शव का पोस्टमार्टम कराया। दो दिन तक मामले की जांच आगे नहीं बढ़ने पर नाराज स्वजन नरयावली थाना प्रभारी से बात करने पहुंचे तो उन्होंने अभद्रता कर दी। पीड़ित परिवार ने यह बात ग्रामीणों को बताई। इससे ग्रामीण उत्तेजित हो गए और सभी ने मिलकर सागर-बीना रोड पर जाम लगा दिया। सुबह 10 बजे से जाम लगातार जारी है और ग्रामीण थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


