कांग्रेस ने शरद पवार को बताया डरपोक और लालची NCP प्रमुख के बचाव में आई भाजपा

महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी में बड़ी दरार नजर आ रही है। कांग्रेस को एनसीपी प्रमुख शरद पवार का वह बयान जरा भी हजम नहीं हुआ है जिसमें उन्होंने कहा कि अडाणी मुद्दे पर जेपीसी की मांग उचित नहीं है।
पवार के बयान के बाद कांग्रेस नेता अलका लांबा ने ट्वीट कर शरद पवार को डरपोक और लालची करार दे दिया। अलका ने गौतम अडाणी के साथ पवार को फोटो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘डरे हुए – लालची लोग ही आज अपने निजी हितों के चलते तानाशाह सत्ता के गुण गा रहे हैं – देश के लोगों की लड़ाई एक अकेला राहुल गांधी लड़ रहा है – पूंजीपति चोरों से भी और चोरों को बचाने वाले चौकीदार से भी।‘
भाजपा ने पूछा, क्या यह कांग्रेस का आधिकारिक बयान है
अलका लांबा का ट्वीट भाजपा ने हाथों हाथ लिया। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पूछा कि क्या यह कांग्रेस का आधिकारिक बयान है? इस पर अलका लांबा ने सफाई दी कि यह उनका निजी विचार है।
वहीं महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया, राजनीति आएगी और जाएगी, लेकिन कांग्रेस नेता द्वारा 35 साल के अपने लंबे समय से सहयोगी और भारत के सबसे वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं में से एक और महाराष्ट्र के 4 बार के सीएम के खिलाफ यह ट्वीट भयावह है। राहुल गांधी भारत की राजनीतिक संस्कृति को विकृत कर रहे हैं।
उद्धव गुट भी शरद पवार से सहमत नहीं
गौतम अदाणी पर शरद पवार द्वारा दिए गए बयान के बाद से महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी में रार छिड़ गई है। शिवसेना (उद्धव गुट) और कांग्रेस उनके बयान से सहमत नहीं है।
बता दें कि संसद एवं सदन के बाहर अदाणी मुद्दे पर सरकार को घेरने में उद्धव गुट भी कांग्रेस का साथ देती आई है, लेकिन महाविकास आघाड़ी के शिल्पकार कहे जाने वाले शरद पवार का बयान आने के बाद शिवसेना (उद्धव गुट) और कांग्रेस असहज महसूस कर रही हैं। खासतौर से शिवसेना (उद्धव गुट) महाराष्ट्र में विपक्षी एकता को लेकर ज्यादा फिक्रमंद दिखाई दे रही है।

