भोपाल बायपास पर सड़क किनारे ठेला लेकर खड़े युवक को ट्रक ने कुचला

भोपाल। हर दिन की तरह वह सोमवार को भी अपने परिवार काे पालने के लिए सब्जी बेचकर रुपये कमाने निकला था।उसने भोपाल बायपास जगदीशपुर चौराहे पर सड़क किनारे अपना ठेला लगा लिया था, कुछ लोग उससे सब्जी खरीद भी चुके थे और कुछ खरीदने आ रहे थे। इसी बीच उसे क्या पता था कि उसकी मौत आ जाएगी।अचानक से एक ट्रक तेज रफ्तार से आया और उसके चालक ने
अपना नियंत्रण खो दिया। इससे ट्रक ठेला सहित युवक को कुचलते हुए सड़क से नीचे उतर गया। वहां खड़े कुछ लोग तो अपनी जान बचाकर भाग गए, लेकिन वह अपनी जान बचाने भाग नहीं सका और आखिर उसकी मौत हो गई। यह घटना भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव
पीएम के लिए भेज दिया था।
पुलिस के मुताबिक मूलत: विदिशा के ग्राम सेमरा टप्पर निवासी 27 वर्षीय रामकृष्ण लोधी यहां अपने रिश्तेदार के साथ रहता था। वह यहां रहकर भोपाल बायपास जगदीशपुर चौराहा के किनारे सब्जी का ठेला लगाता था। उसके पास ही रिश्तेदार देवेंद्र लोधी चाट – फुल्की का ठेला लगाता है। दोनों सोमवार सुबह करीब 10 बजे ठेले पर ही थे। अभी उनके पास ग्राहकों का आना शुरू हुआ था, लगभग 10.30 बजे बैरसिया ओवर ब्रिज तरफ से दो ट्रक आ रहे थे। वह जगदीशपुर चौराहे पर ब्रेकर के पास ट्रक पहुंचे थे कि पीछे वाले ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक में टक्कर मार दी, इससे आगे वाले ट्रक का चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े रामकृष्ण लोधी को ठेले सहित कुचलते हुए जगदीशपुर मार्ग के किनारे उतर गया। घटना देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को तत्काल पास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसी बीच ट्रक चालक मौके से फरार हो गए थे। वहीं घायल रामकृष्ण ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने देवेंद्र लोधी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लोगों ने लगाई आवाज, भागते समय गिरा
घटना के प्रत्यक्षदर्शी देवेंद्र लोधी ने नवदुनिया को बताया कि वह अपने चाट के ठेले पर खड़ा हुआ था। तब ही उसने देखा कि ट्रक उनकी तरफ तेज रफ्तार से आ रहा है इससे उसने भागते हुए अपने रिश्तेदार रामकृष्ण को आवाज
लगाई। वह आवाज सुन ठेला छोड़कर भागने लगा, लेकिन इससे पहले ही गिर गया। जिससे ट्रक उसे कुचलते हुए निकल गया।देवेंद्र ने बताया कि रामकृष्ण उसका रिश्तेदार था, वह यहां रहकर सब्जी बेचता था।


