प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दो दिनी राष्ट्रीय शोक घोषित प्रधानमंत्री राष्ट्रपति पंजाब सीएम ने दी श्रद्धांजलि

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद केंद्र सरकार ने दो दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया मोहाली के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे, जहां पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी संरक्षक प्रकाश सिंह बादल का 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
इन हस्तियों ने जताया शोक
इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ” प्रकाश सिंह बादल आजादी के बाद से सबसे बड़े राजनीतिक दिग्गजों में से एक थे…उनका निधन एक शून्य छोड़ गया है..।” पीएम मोदी ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि प्रकाश सिंह बादल जी के निधन से अत्यंत दु:ख हुआ। वह भारतीय राजनीति की एक महान शख्सियत और एक उल्लेखनीय राजनेता थे, जिन्होंने हमारे देश के लिए बहुत योगदान दिया।
उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक रूप से काम किया और महत्वपूर्ण समय में राज्य को सहारा दिया। इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन से स्तब्ध हूं। मैं और मेरी पार्टी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करती है।

