दुष्कर्म पीड़िताओं की जानकारी देने के लिए राहुल गांधी ने मांगा समय भड़की कांग्रेस

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ों यात्रा के दौरान महिलाओं के उत्पीड़न पर एक बयान दिया था। अब इसी बयान के सिलसिले में पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी राहुल के निवास पर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेता वहां पहुंचे और विरोध जताया। पुलिस ने हंगामा कर रहे कुछ कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया।
राहुल के घर से बाहर निकलते समय स्पेशल सीपी (एलएंडओ) सागर प्रीत हुड्डा ने बताया, हमने राहुल गांधी के साथ बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ समय चाहिए और वह हमें वह जानकारी देंगे जो हमने मांगी है। आज हमने एक नोटिस दिया है जिसे उनके कार्यालय ने स्वीकार कर लिया है और अगर जरूरी हुई तो फिर पूछताछ करेंगे।
पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा भी सूचना पाकर राहुल गांधी के घर पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। इस पर पवन खेड़ा ने कहा कि हमें कोई डरा नहीं सकता है।
पवन खेड़ा ने कहा, वे (सत्ता पक्ष) संसद को चलने नहीं दे रहे हैं। ये सरकार डरी हुई है। राहुल गांधी की टिप्पणी को हर बार हटा दिया जाता है। यह अस्वीकार्य है। उन्होंने मुझे रोकने की कोशिश की और कहा कि तुम्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं है। क्या कोई कर्फ्यू है? क्या धारा 144 लागू है?
कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, यह मामूली घटना नहीं है। राहुल गांधी के घर पुलिस भेजने की हिम्मत कैसे हुई। सरकार का घमंड चकनाचूर हो गया है। जनता सब देख रही है। माफ नहीं करेगी।
#WATCH | Without Amit Shah’s order, it is not possible that police could show such audacity to enter the house of a national leader without any reason. Rahul Gandhi said that he has received the notice & he will reply to it but still, the police went to his house: Rajasthan CM pic.twitter.com/SLmd5TNpeM
— ANI (@ANI) March 19, 2023
महिला उत्पीड़न पर राहुल का बयान, जानिए पूरा मामला
भारत जोड़ो यात्रा के आखिरी दिन कश्मीर में राहुल गांधी ने कहा था कि यात्रा के दौरान उन्हें कई महिलाएं मिलीं, जिन्होंने उनसे कहा कि उनके साथ दुष्कर्म हुआ है। बकौल राहुल, ‘ऐसी ही एक लड़की मेरे पास आई और बोली राहुलजी, मेरे साथ बहुत बुरा हुआ है। मैंने कहा- पुलिस के पास जाए, तो बोलीं- कोई नहीं सुनता।‘
इस तरह राहुल गांधी ने महिला सुरक्षा के नाम पर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की। बयान सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस सक्रिय हो गई। राहुल गांधी को नोटिस जारी हुआ और 16 मार्च को पेश होने को कहा गया, ताकि पुलिस को उत्पीड़न का शिकार महिलाओं के बारे में पता चल सके और उन्हें न्याय दिलाया जा सके।
हालांकि राहुल गांधी ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके बाद गुरुवार को भी पुलिस के अधिकारी राहुल के घर पहुंचे और पूछताछ की कोशिश की। तब भी राहुल और उनकी टीम ने सपोर्ट नहीं किया। अब आला अधिकारी राहुल से पूछताछ के लिए पहुंचे हैं।
लंदन में दिए बयानों पर भी घिरे हैं राहुल गांधी
वहीं राहुल गांधी लंदन में दिए बयानों पर भी घिरे हैं। इसी संदर्भ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनकी पार्टी देश के सर्वांगीण और समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जबकि कांग्रेस अभी भी अपने नेता राहुल गांधी स्थापित करने के साथ वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने में असमर्थ राहुल गांधी विदेशी धरती से आरोप लगा रहे हैं कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है। नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार से पहले भारत भ्रष्टाचार में डूबा हुआ था। 2जी, 3जी, कामनवेल्थ जैसे घोटाले थे, लेकिन आज देश दुनिया के अग्रणी देशों में है।

