अंकसूची या उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति लेने के लिए विद्यार्थियों को मंडल नहीं आना होगा

भोपाल । माध्यमिक शिक्षा मंडल(माशिमं)की 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को अब अंकसूची, प्रमाणपत्र, अंकसूची में संशोधन के लिए बोर्ड आफिस जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।विद्यार्थियों से संबंधित सभी सेवाएं अब आनलाइन उपलब्ध हैं।परीक्षा फार्म भरना हो या अंक-सूची की डुप्लीकेट प्रति प्राप्त करना, प्रमाण-पत्र, अंक-सूची में संशोधन, उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति, पुनर्गणना आदि सुविधाएं घर बैठे ही आनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवाएं एमपीबीएसई एप के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने बताया कि हाल ही में मंडल द्वारा वर्ष 2003 एवं उसके बाद के वर्षों में मंडल परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों का संपूर्ण डाटा डिजी लॉकर में भी उपलब्ध करा दिया गया है।
आंतरिक मूल्यांकन के पांच अंक बढ़ाए गए
इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में आंतरिक मूल्यांकन के अंकों को 20 से बढ़ाकर 25 किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रटने की प्रवृत्ति को कम करना है। साथ ही मंडल द्वारा 10वीं व 12वीं में सभी मुख्य विषयों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम आधारित पुस्तकें लागू की गई है। मंडल की इस पहल से प्रदेश के विद्यार्थियों को नीट, जेईई तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में काफी सुविधा होगी।


