अनूपपुर के चचाई की राइस मिल में दबने से शहडोल के मजदूर की मौत

अनूपपुर। जिले के चचाई थाना अंतर्गत अमलाई बाबू चौक पर स्थित अमित राइस मिल के चावल के बंकर में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना रविवार की देर रात की बताई जाती है। घटना के बाद रात को ही घायल अवस्था में मिल संचालकों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल अनूपपुर में भर्ती कराया था ,जहां मजदूर की उपचार दौरान मौत हो गई। सोमवार सुबह अस्पताल चौकी पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रमेश बैगा पिता बबली बैगा 32 वर्ष निवासी दियापिपर जिला शहडोल का रहने वाला है। जो पिछले 3 वर्षों से अमित राइस मिल में काम करता था। बताया गया दरमियानी रात रमेश चावल की बोरियां रख रहा था तभी चावल की बोरियां उसके ऊपर गिरने लगी और वह दब गया जिसे राइस मिल संचालक द्वारा निजी वाहन से जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।


