उमरिया के चंदवार में सिर पर ईंट पटककर युवक की हत्या

उमरिया। चंदवार में एक वाहन चालक के सिर पर ईंट पटककर हत्या करने का मामला सामने आया है। युवक का शव घर के करीब ही पाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डा पीके सिन्हा सहित एसडीओपी, थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डाग स्काड, फारेंसिक एक्सपर्ट की मदद से जांच की।
ट्रैक्टर चालक था विजय
विजय पिता रुरू बैगा (28 वर्ष) पेशे से चालक था। घटना स्थल ग्राम चंदवार के खेरदाई के सामने निवासरत मृत युवक ट्रैक्टर चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। देर रात खलिहान जाने की बात कहकर घर से निकला था और सुबह शव मिला।
सिर पर है चोट
पुलिस के अनुसार विजय के सिर पर गंंभीर चोट के निशान हैं। साथ ही शरीर पर भी गहरे जख्म बताए जा रहे है। विजय का शरीर देखकर प्राथमिक दृष्ट्या हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है, पुलिस बताया कि ऐसा लग रहा है कि हत्यारे ने सिर पर गहरा प्रहार कर मौत की नींद सुलाया है।
जांच में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने में हत्यारों का क्या उद्देश्य रहा है,फिलहाल साफ नहीं है। हालांकि पूरे मामले की जांच में जिम्मेदसर पुलिस अधिकारी जुट गए है। देखना होगा पुलिस कब तक आदिवासी युवक के गुनहगारों को गिरफ्त में लेती है और कब तक पूरे मामले का खुलासा कर पाती है।
डेढ़ हफ्ते पहले मजमानी कला में टुकड़ों में की गई थी हत्या
अभी डेढ़ हफ्ते पहले मजमानी कला में इंसानी शरीर को क़ई टुकड़ों में कर हत्यारे ने दिन दहाड़े हत्या की घटना को अंजाम दिया था। घटना के महज डेढ़ हफ्तों मे मुख्यालय से सटे ग्राम चंदवार में हत्या जैसे जघन्य अपराध की पुनरावृत्ति आमजन के लिए चिंता का विषय है,वही क्षेत्रीय स्तर पर अपराधियों के बढ़ते हौसले बड़ा सवाल है।


