चलती बस में लगी भीषण आग, खिड़कियां तोड़ कूदे सभी यात्री, मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम

नवादा। देश भर में कई जगहों पर बस हादसे देखे जा रहे है। वहीं इसी बीच बिहार के नवादा में भी एक बड़ा बस हादसा हुआ है। जहां पर यात्रियों से खचाखच भरी बस में अचानक से आग लग गई। जिसके बाद बस में बैठे यात्री खिड़कियों से कूदने लगे। इस घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया। यह पूरा मामला पटना-रांची एनएच-31 का है।
सूत्रों के अनुसार सोनू मोनू ट्रैवल्स नाम की जिस बस में आग लगी है, वह कोलकाता से नवादा आ रही थी। होली त्योहार को लेकर इस बस में यात्रियों की काफी भीड़ भी थी। इसी दौरान जैसे ही यात्रियों ने बस में आग लगते देखी वे दहशत में आ गए। इसके बाद ड्राइवर ने बस को रोक दिया। फिर लोग किसी तरह आननफानन में जलती बस से खिड़की और दरवाजे के सहारे नीचे कूदते गए और तब जाकर लोगों की जान बच सकी।
हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन, पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर से उसकी लपटे और धुएं को देखा जा सकता था। वहीं बस के ऊपर नारियल भी लोड था। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

