अब एमपी के इस शहर में उठी जिला बनाने की मांग, अर्थी जुलूस निकाल किया पुतला दहन

जबलपुर। मध्यप्रदेश में हाल ही में एक नए जिले की घोषणा हुई है,रीवा से अलग करके मऊगंज को एमपी का 53 वां जिला बनाने का ऐलान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर दिया है। जिसके बाद अब जबलपुर के सिहोरा को जिला बनाने की मांग कर रहे लोगों का आक्रोश भड़क उठा और सिहोरा जिला बनाओ आंदोलन समिति के सदस्यों समेत सैकड़ों लोगों ने मध्यप्रदेश सरकार का अर्थी जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मध्यप्रदेश सरकार का पुतला दहन किया।
तना ही नहीं रहवासियों ने पुतला दहन के बाद बस स्टैंड में आयोजित आम सभा में सिहोरा जिला बनाओ आंदोलन समिति ने सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जब सन 2003 में सिहोरा को जिला बनाने की मंजूरी मिल गई थी तो फिर 20 साल बाद भी आज तक सिहोरा जिला को अस्तित्व में क्यों नहीं लाया गया। साथ ही आक्रोशित लोगों का कहना है कि सिहोरा को जिला बनाने के पक्ष में भाजपा भी अपना मत स्पष्ट करें।
क्योंकि बीते 20 सालों से सिहोरा की जनता लगातार भाजपा को विजय दिलाती आ रही है। आंदोलन समिति ने 9 अप्रैल को विशाल जंगी प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। जिसमें सिहोरा समेत आसपास की चार तहसीलों के हजारों लोग शामिल होंगे और सिहोरा को जिला बनाने की मांग रखेंगे और मध्यप्रदेश सरकार से आरपार की लड़ाई का शंखनाद करेंगे।


