बाघिन और उसके शावक बने सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र

मंडला। कान्हा नेशनल पार्क के मुक्की जोन में अपने शावकों के साथ विचरण करती बाघिन सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।
पार्क की सफारी कर रहे सैलानियों ने बाघिन और उसके शावकों को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया और इस वीडियो को इंटरनेट मीडिया में प्रसारित कर दिया जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो में बाघिन आगे-आगे जा रही है और उसके शावक उछलकूद मचाते हुए अपनी मां के आगे-पीछे घूम रहे हैं। पार्क प्रबंधन के अनुसार इस बाघिन का नाम टी 27 है। हालांकि सैलानियों के बीच यह डीजे के नाम से प्रसिद्ध है। प्रबंधन का कहना है कि मुक्की जोन के धवाझंडी क्षेत्र में यह बाघिन दिखाई पड़ी।
कान्हा टाइगर रिजर्व में समय-समय पर पहले भी ऐसे नजारे सामने आते रहे हैं। इन दिनों बड़ी संख्या में सैलानी कान्हा नेशनल पार्क पहुंचकर वन्य जीवों का दीदार कर रहे हैं।


