सांप को बचाने में सवारियों से भरा वाहन पलटा चार महिलाएं घायल

डिंडौर। जिले के करंजिया की ग्राम पंचायत झनकी से सढ़वा जाने वाले मार्ग पर सोमवार को सांप को बचाने के फेर में सवारियों से भरा पिकप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चार महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों व एम्बुलेंस की मदद से करंजिया के सरकारी अस्पताल में उपचारार्थ भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पिकअप वाहन छत्तीसगढ़ के किसी महानगर का बताया जा रहा हैं। क्षेत्र में आयोजित किए गए दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने सभी लोग डिंडौरी जिले के ग्राम जुगदेई आ रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर वाहन में सवार लोगों की चीख पुकार मच गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। अंततः सांप जीवित नहीं बचा। इस दौरान घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।


