रतनजोत के बीज खाने से पांच बच्चे बीमार अस्पताल में भर्ती

दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले घाट बम्होरी गांव में रतन जोत के बीज का सेवन करने पांच बच्चों की हालत बिगड़ गई और उन्हे उल्टियां होने लगीं। जिसके बाद स्वजन 108 की मदद से इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर आए जहां डाक्टरों के द्वारा इलाज किया गया और सभी बच्चों की सेहत में सुधार होने लगा।
बता दें कि घाट बम्होरी गांव में यह सभी पांचों बच्चे घर के आसपास खेल रहे थे वहीं पर यह रतनजोत के पौधे लगे थे जिनमें यह जहरीले फल लगे थे और धोखे से कृष्णा पिता महेंद्र अहिरवार तीन वर्ष, विनय पिता महेंद्र अहिरवार पांच वर्ष, जसमता पिता मनु अहिरवार नौ वर्ष, शिवा पिता बहादुर अहिरवार पांच वर्ष, क्रांति पिता देवेंद्र चार वर्ष सभी ने यह बीज खा लिए और थोड़ी देर के बाद उन्हे उल्टियां होने लगी और स्वजनों ने पूछा तो बच्चों ने बताया कि रतनजोत के बीज उन्होंने खाए थे। जिसके बाद स्वजनों ने बिना देर किए सभी बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है।


