इंदौर की ऊंची उड़ान मार्च में हर दिन उड़े 8821 यात्री हर घंटे उड़ी 3 उड़ान

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए बीता मार्च महीना काफी अच्छा रहा है। एयरपोर्ट से हर दिन औसतन 8821 यात्रियों ने सफर किया है। जबकि हर घंटे औसतन तीन उड़ानें इंदौर एयरपोर्ट से उड़ी हैं। यह कोरोनाकाल के बाद सबसे अधिक है। उम्मीद की जा रही है कि इस साल इंदौर से यात्रियों की संख्या 30 लाख के पार हो जाएगी।
एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा तैयार की गई मार्च माह की रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। इस रिपोर्ट के अनुसार मार्च में इंदौर से कुल 2199 उड़ानों का संचालन हुआ है, जबकि इन उड़ानों में 2 लाख 73 हजार 466 यात्रियों ने सफर किया है। जबकि इसकी तुलना में फरवरी माह में इंदौर से कुल 1928 उड़ानों से 2 लाख 59 हजार 988 यात्रियों ने सफर किया था। जनवरी में 2095 उड़ानों से कुल 2 लाख 48 हजार 231 यात्रियों ने सफर किया था।
अधिकारियों ने बताया कि मार्च में यात्रियों की संख्या करीब पौने तीन लाख तक पहुंची है। यह बीते तीन वर्षों में सबसे अधिक है। इससे पहले फरवरी 2020 में इंदौर से 2077 उड़ानों से कुल 2 लाख 78 हजार 322 यात्रियों ने सफर किया था, वहीं उड़ानों की बात करें तो इन 36 महीनों में सबसे ज्यादा उड़ानों का संचालन मई 2022 में 2,115 उड़ानों के रूप में हुआ था। नई उड़ानें शुरू होने से हम उम्मीद कर रहे हैं कि यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी।
लगातार बढ़ेंगे यात्री
ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि इंदौर से यात्री संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलती रहेगी। मार्च से नया समर शेड्यूल लागू हो गया है। कई शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू हुई हैं। अहमदाबाद, लखनऊ, शिर्डी और उदयपुर की नई उड़ानें शुरू हुई हैं। कुछ और शहरों के लिए बीच शेड्यूल में उड़ानें शुरू हो सकती हैं। पयर्टन उद्योग भी अब बूम पर है। लोग घूमने जा रहे हैं। इससे उम्मीद है कि इस साल यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी। 2019 में इंदौर से 30 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया था।
यह बीते एक साल में यात्री और उड़ान की संख्या
माह यात्री उड़ानें
मार्च-22 194884 1972
अप्रैल 198910 2037
मई 228768 2115
जून 220499 1985
जुलाई 215528 1958
अगस्त 218015 1906
सितंबर 2,04,045 1,835
अक्टूबर 2,28,273 1,924
नवंबर 2,38,734 1,948
दिसंबर 2,13,883 2,028
जनवरी 2,48,231 2,095
फरवरी 2,59,988 1,928
मार्च-23 273466 2199
(जानकारी एयरपोर्ट अथारिटी के मुताबिक)


