लेफ्ट टर्न पर सवारी वाहनों का कब्जा सुबह से रात तक चौराहों पर उलझ रहा ट्रैफिक

ग्वालियर: शहर के चौराहों पर लेफ्ट टर्न को लेकर हर बार सिर्फ प्लानिंग होती है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम करने वाला ट्रैफिक पुलिस का अमला अपने ही विभाग के अफसरों का आदेश बैठक से बाहर निकलते ही हवा में उड़ा देता है। दो दिन पहले शहर के ट्रैफिक को लेकर दो घंटे तक पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अफसरों ने बैठक की, इस दौरान भी चौराहों पर लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित करने का टास्क अमले को दिया। दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन हालात जस के तस हैं। नईदुनिया टीम ने बुधवार को शहर के अलग-अलग चौराहों पर जाकर हालात देखे। इसमें दो चौराहे ऐसे हैं, जहां दिनभर ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है, फिर भी यहां लेफ्ट टर्न खाली नहीं है। हालात यह है कि लेफ्ट टर्न पर ही आटो, टेंपो और ई-रिक्शा का कब्जा है। अवैध रूप से लेफ्ट टर्न ही आटो स्टैंड बन चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों की आंखें बंद हैं।
नाका चंद्रबदनी चौराहा
यह ऐसा चौराहा है, जहां दो पहिया, चार पहिया, सवारी वाहनों का दिनभर आवागमन तो रहता है, साथ ही स्कूल बस और यात्री बस तक का आवागमन दिनभर रहता है। यहां से चंद कदम की दूरी पर बस स्टैंड है। शिवपुरी लिंक रोड की ओर जाने वाली स्कूल बसें इसी रास्ते से गुजरती हैं। यहां बुधवार को जब नईदुनिया टीम पहुंची तो चौराहे पर चारों तरफ लेफ्ट टर्न पर ही कब्जा है। यहां सवारी वाहन खड़े हैं, हाथ ठेले, गुमटियां हैं। पास में ही झांसी रोड थाना है, यहां एक सिपाही तक नहीं था। लेफ्ट टर्न खाली न होने से यहां हालात बिगड़ रहे थे।
कंपू तिराहा
केआरजी तिराहे से आगे कंपू तिराहा है। यहां ईदगाह की तरफ जाने वाले रास्ते पर लेफ्ट टर्न पर ही अघोषित आटो स्टैंड बन गया है। यहां व्यवस्था बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बैरीकेड्स लगाए, लेकिन इसका पालन नहीं होता। बैरिकेड्स के अंदर से ही सवारी वाहनों को निकलना है, लेकिन दिनभर सवारी वाहनों की वजह से ही यहां जाम लगा रहता है। यहां ट्रैफिक पुलिस का जो स्टाफ तैनात रहता है, वह सड़क किनारे खड़ा रहता है।
ये हैं जिम्मेदार
यह दोनों ही प्वाइंट कंपू यातायात थाने के अंतर्गत आते हैं, जबकि नाका चंद्रबदनी चौराहा झांसी रोड थाना और कंपू तिराहा कंपू थाने की सीमा में आता है। इन दोनों थानों के भी स्टाफ की जिम्मेदारी यहां व्यवस्था बनाने की है। द्य नरेश अन्नोटिया, डीएसपी ट्रैफिक द्य अभिषेक सिंह रघुवंशी, यातायात थाना प्रभारी द्य शैलेंद्र भार्गव, थाना प्रभारी झांसी रोड. दीपक यादव, थाना प्रभारी कंपू।


