राहुल गांधी के आरोपों के बाद फिर चर्चा में पेगासस जासूसी मुद्दा, पढ़िए बयानबाजी

राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेशी दौरे के दौरान भारत में लोकतंत्र को खतरे में बताया है। राहुल गांधी फिलहाल ब्रिटेन के दौरे पर हैं और उन्होंने लंदन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में एक भाषण दिया है, जो चर्चा का विषय बन गया है। राहुल गांधी ने अपने भाषण में भारत में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि उनके फोन की पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिए जासूसी की जा रही थी और खुफिया अधिकारी ने खुद इसकी जानकारी मुझे दी थी।
राहुल गांधी के आरोपों पर अश्विनी वैष्णव का जवाब
राहुल गांधी के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, देश के हर नागरिक का डेटा 100 फीसदी सुरक्षित है। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी सुई अटक गई है।
वहीं भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा, पूरे देश एक है, लेकिन राहुल गांधी विदेश में जाकर देश को बदनाम कर रहे हैं। एक खास परिवार से होने के कारण उन्हें बातें समझ नहीं आ रही हैं।
राहुल गांधी के दिमाग में है पेगासस
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, राहुल गांधी एक बार फिर विदेशी धरती पर होहल्ला मचाने का काम कर रहे हैं। पेगासस उनके दिमाग में है। पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में भारत का सम्मान बढ़ा और यह बात बड़े-बड़े नेता कह रहे हैं। राहुल गांधी को इटली के पीएम ने पीएम मोदी के बारे में क्या कहा, उसे सुनना चाहिए।

