जल जीवन मिशन के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर भव्या मित्तल को सम्मानित करेंगे पीएम मोदी

बुरहानपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को विज्ञान भवन में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में मप्र के बुरहानपुर जिले की कलेक्टर भव्या मित्तल को सम्मानित करेंगे।
सिविल सर्विसेस डे पर भव्या मित्तल को यह सम्मान जिले में जल जीवन मिशन के तहत संचालित हर घर नल से जल योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत देश के बारह जिलों को चिन्हित किया गया था। इन जिलों का केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। जिसमें बुरहानपुर को पहला स्थान दिया गया है। दूसरे स्थान पर तेलंगाना का कांजीपुरम जिला है।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री वहां के कलेक्टर को भी पुरस्कृत करेंगे। उल्लेखनीय है कि जल जीवन मिशन के तहत देश में सबसे पहले हर घर नल से जल पहुंचाने वाला जिला भी बुरहानपुर ही बना था। इसके लिए राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने तत्कालीन कलेक्टर प्रवीण सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया था।
कलेक्टर भव्या मित्तल बुधवार को ही दिल्ली रवाना हो गई थीं। सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान वे प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताएंगी कि योजना शुरू करने के बाद उसे निरंतर संचालित रखने के लिए किस तरह की तैयारी प्रशासन ने कर रखी है। जिले में नल-जल योजनाओं के संचालन की जिम्मेदारी महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपी गई है। यही समूह मासिक शुल्क भी वसूल करते हैं। जिससे महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी जिला आगे बढ़ रहा है।


