उद्योगपति के नौकर ने ही रचा चोरी का षड्यंत्र दो आरोपितों से लाखों बरामद

इंदौर। पुलिस ने दाल मिल संचालक रामअवतार जाजू के बंगले में हुई चोरी का राजफाश कर दिया है। तुकोगंज पुलिस ने जाजू के नौकर को हिरासत में लिया है। उसने ही आभूषण और नकदी की खबर साथियों को दी थी। पुलिस ने एरोड्रम क्षेत्र से दो आरोपितों को पकड़ लिया है। दो आरोपित अभी फरार हैं।
साउथ तुकोगंज निवासी जाजू के बंगले में रविवार रात चोरी हुई थी। नकाबपोश बदमाश गार्ड मांगीलाल के हाथ-पैर बांध कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी रुपये चुरा कर ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज और कार नंबर के आधार पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपितों को पकड़ लिया। सूत्रों के मुताबिक उद्योगपति के एक नौकर को पता था कि घर में काफी मात्रा में आभूषण और नकदी रुपये रहते है। कुछ दिनों पूर्व हुए शादी समारोह के लिए भी लाकर से आभूषण निकाले गए थे।
उसने रिश्तेदार के माध्यम से साथियों को खबर की। जैसे ही उद्योगपति महाराष्ट्र गए, बदमाश चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने डीवीआर में मिले सीसीटीवी फुटेज से कड़ियां जोड़ी और चोरों तक पहुंच गई। एडिशनल डीसीपी जोन-3 राजेश रघुवंशी के मुताबिक अभी पूछताछ चल रही है। नौकर ने सूचना दी थी लेकिन उसकी भूमिका स्थापित कर रहे हैं।
सवा लाख की लूट में नौकर गिरफ्तार, तीन फरार
कारोबारी कपिल लाहोरी से हुई सवा लाख रुपये की लूट में पुलिस ने नौकर अमर को गिरफ्तार किया है। उसने बाणगंगा क्षेत्र के बदमाशों से लूट करवाई थी। तीन आरोपितों की तलाश है।
रामप्रसाद भार्गव मिर्चीनाला निवासी कपिल पुत्र गब्बूचंद लाहोरी कोयला बाखल क्षेत्र में जूतों के रा-मटेरियल का व्यवसाय करते हैं। बुधवार रात जब दुकान बंद कर स्कूटर से जा रहे थे तो तीन बदमाशों ने हमला कर 1 लाख 30 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गुरुवार शाम नौकर अमर को हिरासत में लिया। उसने पूछताछ में लूट की साजिश करना स्वीकार किया।
एडिशनल डीसीपी जोन-4 अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक अमर ने बताया कि उसने कपिल को रुपयों से भरा बैग ले जाते हुए देख लिया था। उसने पहले ही बाइक का प्लग निकाल लिया था ताकि स्टार्ट न हो। जैसे ही वह कड़ावघाट पहुंचा, उसके साथी ओम, योगेश व एक अन्य ने कपिल से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। एडीसीपी के मुताबिक आरोपित घरों से फरार हैं। उनकी अंतिम लोकेशन उज्जैन की मिली है।
सुनारों के फर्जी पता बता गुमराह कर रहे चोर
दस राज्यों में 70 से ज्यादा चोरियां करने वाले चोर पुलिस को गुमराह कर रहे हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित पुलिसकर्मियों को खरीददारों के फर्जी पते बता कर मेरठ ले गए।
लसूड़िया पुलिस ने संयुक्त संचालक राजीव निगम के बंगले में चोरी करने वाले आरोपित अमित सिंह, अभिषेक सिंह और अनूप सिंह को गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान बताया कि सोना मेरठ में सराफा में बेचा था। एसआइ संजय विश्नोई आरोपितों को मेरठ ले गए तो वहां एक गुमटी मिली। लोगों ने बताया कि वर्षों पूर्व यहां कान छेदने वाले बैठते थे। एसआइ के मुताबिक आरोपित झूठ बोल रहे हैं।
डाक देने के बहाने ड्राइवर ने लूटा
सदर बाजार पुलिस ने रामबाग निवासी 64 वर्षीय प्रभा अशोक चेलावत की शिकायत पर लूट का केस दर्ज किया है। एक आरोपित सचिन शर्मा को गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सचिन पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी श्रीराम नगर बुधवार करीब साढ़े चार बजे डाक देने के बहाने गया और प्रभा की चेन लूट ली। प्रभा के शोर करने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। मौका देख कर उसका साथी अजय फरार हो गया। अजय पुत्र केशरसिंह निवासी गांधीनगर पहले प्रभा की कार चलाता था। उसने ही सचिन के साथ मिलकर लूट की साजिश की थी।


