शहडोल में दोपहर 12 बजे तक केंद्र में ताला लटका रहा लाडली बहना योजना के आवेदन में हुई देरी

शहडोल। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के आवेदन 27 मार्च से भरना शुरू हो गए हैं शहडोल जिले में अब तक 32000 महिलाओं ने आवेदन कर लिए हैं लेकिन स्थिति यह है कि नगरीय निकाय में संचालित होने वाले केंद्र मनमानी पर उतारू है और यही कारण है कि शहरी क्षेत्र में स्थिति अभी ठीक नहीं है। शहडोल जिला मुख्यालय की ही बात करें तो नगरपालिका के मानस भवन में बनाए गए शिविर में मनमाने ढंग से काम हो रहा है। सुबह 11:30 और 12:00 बजे तक केंद्र शुरू नहीं हो पाता है जिससे यहां आने वाली महिलाएं वापस लौट जाती हैं या फिर उनको इंतजार करना पड़ता है।
शनिवार को दोपहर 12:00 बजे तक केंद्र में ताला लटका रहा और महिलाएं केंद्र के बाहर बैठकर इंतजार करती रही। हालांकि शहरी क्षेत्र में और दूसरी जगह जहां केंद्र बनाए गए हैं वहां काम ठीक चल रहा है ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाएं आवेदन करने के लिए पहुंच रही हैं और यहां भी काम अच्छा चल रहा है लेकिन नगर पालिका क्षेत्र के मानस भवन में जिन कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है वह मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं।
अपना आवेदन फीड कराने पहुंची कमला ने बताया कि वह सुबह से ही यहां पर बैठी है लेकिन 12:00 बज चुके हैं और केंद्र नहीं खुला है इसलिए वह वापस जा रही है। इस संबंध में नगर पालिका के सीएमओ अमित तिवारी से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
महिला बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी शालिनी तिवारी से बात की गई तो उनका कहना था कि जिले में अब तक 32000 महिलाएं आवेदन कर चुकी है जिनकी आवेदन फीड हो चुके हैं । उन्होंने कहा कि शनिवार को भी सभी केंद्रों में आवेदन लिए जा रहे हैं ।


