फ्लाई ओवर की खूबसूरती में न लगाओ दाग पीडब्ल्यूडी ने बधाई संदेशों पर जताया परहेज

जबलपुर। करीब सात किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर ने आधे से ज्यादा आकार ले लिया है। शहर के बीचोंबीच इस फ्लाईओवर को नोटिस बोर्ड की तरह इस्तेमाल करना शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा चुनावी साल में नेताओं की बधाई संदेश इसके पियर पर लटकते मिलते हैं। इधर व्यापारिक विज्ञापन भी कई लोग लिख रहे हैं। ऐेसे में लोक निर्माण विभाग ने फ्लाई ओवर की सूखसूरती का हवाला देते हुए किसी तरह की बधाई, सूचना या विज्ञापन निर्माण में नहीं लगाने की चेतावनी दी है। विभाग का तर्क है कि निर्माण स्थल पर पियर को खूबसूरत बनाया गया है ताकि लोग देखे तो उन्हें अच्छा लगे लेकिन सूचना और वाल पेटिंग से कुछ भी लिखने से इसकी खूबसूरती प्रभावित हो रही है ।
मुफ्त का प्रचार:
दरअसल फ्लाई ओवर की दीवार शहर के मुख्य मार्ग में होने से व्यापारिक और नेताओं के लिए यह प्रचार-प्रसार के लिए बेहतरीन स्थल होता है इसके अलावा प्रचार का शुल्क भी नहीं देना होता है ऐसे में अधिकांश नेता होर्डिंग और फ्लैक्स लगाकर यहां मुफ्त का प्रचार करते हैं। जबकि शहर के अन्य स्थानों पर प्रचार के लिए विज्ञापन कंपनी अच्छा पैसा लेती है। ऐसी स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने विज्ञापन और सूचना नहीं लगाने का नोटिस फ्लाईओवर के नीचे जगह-जगह लगाकर रखा है। लोक निर्माण विभाग क्रमांक दो के ईई रामानुज विश्वकर्मा ने बताया कि फ्लाई ओवर को आकर्षक बनाने के लिए उसने में रंग-रोगन करवाया जा रहा है लेकिन कई लोग होर्डिग और सूचना लगाकर इसकी खूबसूरती को ढंक देते हैं।
शहर की सुंदरता पर दाग लगाते हैं अवैध विज्ञापनः
शहर को सुंदर बनाने शासन कई जतन कर करोड़ों की योजनाएं बनाता है। विकास कर्य कराए जाते हैं लेकिन अवैध रूप से विज्ञानप, पर्चे, होर्डिंग, पेंटिंग करने वाले हर निर्माण और सौंदर्यीकरण पर दाग लगा देते हैं। इसे लेकर अब शहरवासी भी इन होर्डिंग, अवैध विज्ञापनदाता, पर्चे चिपकाने वालों और जिन लोगों के नाम पर विज्ञापन होतें हैं उनपर सीधे कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।


