जिला अस्पताल पहुंचे संभागायुक्त तो चारों ओर मिली गंदगी नहीं थे डाक्टर

जबलपुर। सरकारी अस्पतालों में किस तरह लापरवाही बरती जाती है। यह खुद संभागायुक्त ने जान लिया। जिला अस्पताल विक्टोरिया में उस वक्त हड़कम्प मच गया। जब नए संभागायुक्त अभय वर्मा अचानक सुबह निरीक्षण करने पहुंच गए। उन्होंने देखा की अस्पताल में चारो तरफ गंदगी ही गंदगी फैली हुई है और ड्यूटी डाक्टर ओपीडी से गायब हैं। जिसपर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त किया और सफाई ठेकेदार पर 10-10 हजार रुपये जुर्माना वसूलने अधिकारियों को निर्देश दिए। लापरवाही पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधक को भी फटकार लगाई और गायब डाक्टरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
यहां पहुंचे संभागायुक्त, मरीजों से भी की चर्चाः
संभागायुक्त अभय वर्मा सुबह अचानक जिला अस्पताल विक्टोरिया व पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले जिला अस्पताल का निरीक्षण किया जहां पर मरीज और उनके स्वजनों की लंबी कतार लगी थी। इस दौरान कई डाक्टर मौके पर नहीं थे। उन्होंने अस्पताल के बारे में मरीजों और उनके स्वजनों से भी चर्चा की। यह जानकारी जैसे ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लगी तो आनन-फानन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) संजय मिश्रा व सिविल सर्जन सहित सहित अन्य डाक्टर अस्पताल पहुंच गए। जिनसे संभागायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और डाक्टरों की उपस्थिति की जानकारी मांगी। संभागायुक्त ने अस्पताल में पदस्थ चिकित्सकों व स्टाफ की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मोबाइल एप पर आधारित सिस्टम शुरु करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तो वे गंदगी देख और भड़क गए।
एल्गिन अस्पताल में भी दिखी लापरवाहीः
महाकोशल व विंध्य के सबसे बड़े सरकारी महिला प्रसूता अस्पताल लेडी एल्गिन अस्पताल भी संभागायुक्त पहुंचे और यहां भी उन्हें गंदगी देखने मिली जिसके बाद सफाई ठेकेदार पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने निर्देश दिए। ज्ञात हो कि एल्गिन अस्पताल में कई बार गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चाएं होती रहती हैं। संभागायुक्त के निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ संजय मिश्रा सहित, उपायुक्त दिव्या अवस्थी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


