शराब के नशे में पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या अंत्येष्टि के बाद पति गिरफ्तार

लामता/बालाघाट। लामता के कुम्हारी में खेत में जाकर काम करने से मना करना महिला को भारी पड़ गया। एक ग्रामीण ने शराब के नशे में पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। बटे-बहू लहूलुहान महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अंतिम संस्कार के बाद महिला के पति को लामता पुलिस ने हत्या के आरोप में जेल भेज दिया है।
कुम्हारी निवासी सूरजलाल बिसेन पीडब्ल्यूडी विभाग से सेवानिवृत्त होकर अब खेती-किसानी करता है। घटना के दिन उसने पत्नी रुखमन बाई को खेत चलने कहा। रुखमन बाई ने खेत चलने से मना कर दिया। इससे आवेश में सूरजलाल ने रुखमन बाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल रुखमन बाई को उसकी बहू मीना और बेटे विजेंद्र ने 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया, जहां कुछ देर बाद रुखमन बाई की बुधवार-गुरुवार की रात करीब एक बजे मौत हो गई। बताया गया कि एक दिन पूर्व भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार के बाद लामता पुलिस ने आरोपित सूरजलाल बिसेन को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के नशे में किया था वार
लामता थाना प्रभारी पीसू सिंह डामोर ने बताया कि आरोपित पति ने शराब के नशे में पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसे विधिवत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। विवाद का कारण पति द्वारा पत्नी को जबरन खेत चलने के लिए दबाव देना सामने आया है। सूरजलाल बिसेन के विरुद्ध धारा 294, 323, 324, 506 भादंवि के बाद धारा 302 का इजाफा करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


