आगामी सत्र के लिए कालेजों को पाठ्यक्रम और सीटों का देना होगा ब्यौरा

इंदौर। आगामी सत्र के लिए होने वाली प्रवेश प्रक्रिया से पहले जुड़ी तैयारियां उच्च शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। अब प्रबंधन को कालेज से संचालित होने वाले पाठ्यक्रम और उनकी सीट संख्या के अलावा शिक्षकों के बारे में बताना है। इसके बारे में 10 अप्रैल तक कालेजों को डाटा भेजना है। उसके आधार पर विभाग प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े पोर्टल पर कालेजों में चलने वाले कोर्स के बारे में जानकारी अपलोड कर सकेंगे। ताकि विद्यार्थियों को मनपसंद कालेज चुनने में आसानी हो सके। अधिकारियों के मुताबिक सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त कालेजों को अपनी-अपनी प्रोफाइल अपडेट करना है।
प्रदेशभर में संचालित होने वाले 1448 सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त कालेज है, जिसमें 40 प्रतिशत कालेजों ने जानकारी पोर्टल पर अपलोड की है। प्रबंधन ने कोर्स, सीट संख्या, फीस, शिक्षक-कर्मचारी की संख्या, कम्प्युटर लैब, साइंस लैब, क्लासरूम, खेल मैदान सहित अन्य डाटा भेजा है। पहले यह जानकारी कालेजों को 31 मार्च तक देना थी, लेकिन 580 कालेजों ने प्रोफाइल और 485 कालेजों ने कोर्स प्रोफाइल के बारे में बताया है।
विभाग ने दस अप्रैल तक अनिवार्य रूप से कालेजों को डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए है। फिर कालेजों से प्राप्त जानकारी को सत्यापित किया जाएगा। उधर विश्वविद्यालयों को भी अपने-अपने दायरे में आने वाले कालेजों की संबद्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट करना होगी। विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डा. धीरेंद्र शुक्ल ने पत्र जारी कर जल्द से जल्द कालेज प्रोफाइल अपडेट करने पर जोर दिया।
चल रहे निरीक्षण
आगामी सत्र के लिए कालेजों से संचालित कोर्स की संबद्धता को लेकर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में प्रक्रिया चल रही है। कालेजों ने मार्च में आवेदन कर दिया था, जिसमें नए कोर्स, संबद्धता नवीनीकरण, सीट संख्या वृद्धि शामिल है। आवेदनों के आधार पर विश्वविद्यालय ने कालेजों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। समिति की रिपोर्ट पर कालेजों को संबद्धता की गई है। अधिकारियों के मुताबिक 2023-24 सत्र से दस कालेजों में नए कोर्स होंगे। जबकि तीस से अधिक कोर्स की सीटें बढ़ गई।


