इंदौर में बावड़ी हादसे की सामने आई वजह, रामनवमी पर टल गया बड़ा खतरा

इंदौर। इंदौर में स्नेह नगर के बेलेश्वर महादेव झुलेलाल मंदिर में रामनवमी पर जुटे श्रद्धालु यहां मौजूद बावड़ी की छत धंसने से अंदर गिर गए। मंदिर परिसर में बावड़ी के ऊपर छत का निर्माण किया गया था और यहां नवमी पर श्रद्धालु हवन करने के लिए यहां पहुंचे थे, तभी ज्यादा वजन होने से छत धंस गई और सभी लोग अंदर समा गए। चीख-पुकार मचते ही आस-पास के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। एक-एक करके अंदर गिरे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया गया।
यह रही हादसे की वजह
बेलेश्वर महादेव झुलेलाल मंदिर के पास एक पुरानी बावड़ी थी, इसके ऊपर लोहे की जाली पर स्लैब डालकर निर्माण कराया गया था। जानकारी के मुताबिक बावड़ी करीब 40 फीट गहरी बताई गई है। टीन शेड से इस पर एक कमरा बना दिया गया था। बावड़ी के ऊपर ही रामनवमी के अवसर पर हवन करवाया जा रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। ज्यादा लोग के वजन से बावड़ी की छत भरभराकर गिर गई और उसके ऊपर मौजूद सभी लोग अंदर गिर गए।
और बजने लगी तालियां…
बावड़ी में गिरे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम पूरी ताकत के साथ जुट गई, सबसे पहले चार लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एक बच्ची को बाहर निकाला तो अपनो के इंतजार में बाहर खड़े लोग तालियां बजाने लगे और बच्ची का स्वागत किया। इसके बाद जब भी कोई बाहर निकला तालियों से उसका स्वागत किया गया।


