भिंड में हथियारों के जखीरे के साथ पकड़े खरगोन के दो तस्कर खरीदार भी गिरफ्तार

भिंड (नप्र)। पुलिस ने पिस्टल और मैग्जीन के जखीरे के साथ पकड़े गए भिंड के सत्या जाटव के खरगोन निवासी दो साथियों को पांच पिस्टल, पांच मैग्जीन और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। सत्या को अब तक वे आधा सैकड़ा से अधिक हथियार सप्लाई कर चुके हैं।
एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 31 मार्च को कोतवाली पुलिस ने बायपास स्थित निर्माणधीन तहसील कार्यालय के पास से मिश्रन का पुरा थाना देहात भिंड निवासी सत्या जाटव पुत्र अशोक जाटव को गिरफ्तार कर नौ पिस्टल, आठ मैग्जीन और चार कारतूस बरामद किए थे।
उसे हथियार 21 वर्षीय आकाश पुत्र रमेश बरेला और 19 वर्षीय महेश पुत्र गोरेलाल बरेला दोनों निवासी पखालिया थाना जिरनिया जिला खरगोन सप्लाई करते थे। वह फिर से हथियार की खेप लाने वाले हैं, इस सूचना पर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात घेराबंदी कर नगर पालिका के पीछे से दोनों को पकड़ लिया।
निरहुआ के भाई के साथ काम करने का दावा
पुलिस के अनुसार तस्कर आकाश ने बताया है कि भिंड निवासी सत्या मुंबई में भोजपुरी स्टार व भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के भाई प्यारे सिंह यादव के साथ काम करता था। दोनों का एक गाना भी साथ में शूट हुआ था। वहीं वे भिंड निवासी सत्या के संपर्क में आए। सत्या ने उसे भी मुंबई में काम दिलाया था। जब वहां काम मिलना कम हुआ तो सत्या ने कहा कि वह पिस्टल लाकर दे, भिंड में बेचकर रुपये कमाकर फिर मुंबई आ जाएंगे।


