विधायकों पर दिए बयान को लेकर नरोत्तम का कमल नाथ पर निशाना बोले- यह उनका अहंकार बोल रहा

भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने दलबदल को लेकर सोमवार को यह बयान दिया था कि विधायकों की कोई कीमत नहीं होती। कोई आए-जाए, उससे फर्क नहीं पड़ता है। मैं वजन उनका मानता हूं जो लोगों के नजदीक हैं। उनके इस बयान को लेकर प्रदेश के गृहमंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कमल नाथ पर तंज कसते हुए कहा कि जिनकी निगाहों में राहुल गांधी की कोई कीमत न हो, वो विधायकों की कीमत क्या आंकेंगे। दरअसल, देश में इमरजेंसी का जो एक्सीडेंट हुआ था, कमल नाथ जी वहां से निकले नेता हैं। लिहाजा, लोकतंत्र के मंदिर में जहां जनता चुनकर विधायकों को भेजती है, ये उस जनता का अपमान है। कमल नाथ जी, कोई कीमत नहीं है, ऐसा कहकर आप जनता जनार्दन का अपमान कर रहे हैं। आपको सोचना चाहिए कि जब विधायक छोड़कर चले जाते हैं तो आप उन्हें बिकाऊ कहने लगते हैं और इधर कहते हैं कि कोई कीमत नहीं है। आप पहले तय तो कर लें कि क्या मामला है।
नरोत्तम ने आगे कहा कि यह कमल नाथ का अहंकार है, जो वह विधायकों के बारे में ऐसा बोलते हैं। आप वही कमल नाथ हैं, जो महिला जनप्रतिनिधि को आइटम बोलते थे। आप विधानसभा की सार्थक कार्यवाही को बकवास बोलते हैं। यह सब आपके अहंकार को दर्शाता है।
नीतीश कुमार पर भी कसा तंज
नरोत्तम ने बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार पर भी तंज कसा। बिहार के कुछ इलाकों में भड़की हिंसा को लेकर नरोत्तम ने कहा कि बिहार को दंगों की आग में झोंकने वाले नीतीश कुमार जी को इफ्तार की नौटंकी बंद करना चाहिए। नीतीश कुमार को अगर समरसता देखनी है तो उन्हें मध्य प्रदेश आना चाहिए जहां राम नवमी की यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया जाता है।


