पीडीएस घोटाले में दूसरे राज्यों का कनेक्शन कलेक्टर ने कमेटी बनाकर शुरू करवाई जांच

छतरपुर। छतरपुर में सामने आ रहे पीडीएस घोटाले का कनेक्शन पंजाब, हरियाणा, गुजरात और बिहार राज्यों से है। तहसीलदार सुनील वर्मा की कार्रवाई के दौरान शहर के गोदाम में ऐसा वारदाना और चावल की बोरियां मिली हैं, जो इन प्रदेशों के पीडीएस की हैं। ऐसे में अब कलेक्टर संदीप जीआर ने इसकी जांच के लिए कमेटी बनाई है। कलेक्टर का कहना है कि कमेटी से जांच करवाई जा रही है। जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है कि बाहरी राज्यों के पीडीएस का माल भी छतरपुर आया है तो उन राज्यों को भी पत्र लिखा जाएगा। इसके साथ ही जांच पूरी होते ही संबंधित पर एफआइआर दर्ज करवाई जाएगी।
तीन दिन पहले ऐसे शुरू हुई थी कार्रवाई: तीन दिन पहले 18 मार्च शनिवार रात 11 बजे तहसीलदार सुनील वर्मा ने शहर से पीडीएस का माल जिले से बाहर जाने की सूचना पर नारायणपुरा रोड पर कार्रवाई की। यहां से तहसीलदार ने अपनी टीम के साथ एक ट्रक को रुकवाकर चेक करवाया। ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमएल 4019 में गढ़ीमलहरा में राशन की दुकान से बांटी जाने वाले चावल की 347 बोरी भरी हुईं थीं। चावल गुजराज भेजा जा रहा था। रात में ही खाद्य आपूर्ति अधिकारी बीके सिंह को बुलाकर ट्रक को गोदाम में रखवाकर सील करवाया गया था। इसके बाद रविवार को दूसरे दिन नारायण पुरा रोड स्थित व्यापारी दुर्गा असाटी के गोदाम पर छापामार कार्रवाई की गई थी। जगदीश ट्रेडर्स के नाम से संचालित गोदाम में हजारों बोरी चावल मिला है। तहसीलदार ने कलेक्टर को बताया कि इस गोदाम में पंजाब, हरियाणा और बिहार राज्य के पीडीएस की बोरियां भी मिली हैं। अब इस मामले में दूसरे राज्यों के पीडीएस की बोरियां मिलने से कमेटी बनाकर जांच करवाने की बात कही गई है। चावल बेयर हाउस में, तीसरे दिन भी एफआइआर नहीं जिले में बड़े पीडीएस घोटाले की सुगबुगाहट है। वहीं शनिवार रात 347 बोरी चावल भी जब्त कर बेयर हाउस में रखवाया गया है। चावल पीडीएस के जरिए गढ़ीमलहरा में बांटा जाना था, लेकिन गुजरात भेजने की तैयारी थी। इस तथ्य के सामने आने के बाद भी अब तीसरे दिन तक संबंधित पर एफअाइआर दर्ज नहीं करवाई गई है। वहीं इस मामले की जांच में शामिल जिला आपूर्ति अधिकारी बीके सिंह गोलमोल जवाब दे रहे हैं। वहीं शहर में भी लोगों में इस कार्रवाई को लेकर कई तरह की बातें की जा रही हैं। अब यह आने वाले दिनों में ही स्पष्ट होगा कि पीडीएस का इतना बड़ा घोटाला करने वाले सलाखों के पीछे पहुंचते हैं या बच जाएंगे।
कमेटी का प्रतिवेदन पहुंचने पर कलेक्टर करेंगे कार्रवाई
पीडीएस घोटाले को लेकर नईदुनिया रिपोर्टर से बात कर कलेक्टर संदीप जीआर ने बताया कि इस पूरे मामले में जांच के लिए कमेटी बनाई है। इसमें राजस्व, नान, जिला आपूर्ति अधिकारी को भी शामिल किया गया है। कमेटी की जांच अभी जारी है। जांच का कार्य पूरा होते ही कमेटी की ओर से प्रतिवेदन दिया जाएगा। इसी प्रतिवेदन के आधार पर पीडीएस घोटाले में शामिल आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी।पीडीएस के मामले में जांच के लिए कमेटी बनाई है। जांच पूरी होते ही प्रतिवेदन लिया जाएगा। इसके बाद कार्रवाई तय की जाएगी। गड़बड़ी करने वालों पर एफआइआर भी दर्ज कराई जाएगी।


