तहसीलदार के सरकारी आवास में दिनदहाड़े चोरी 80 हजार रुपये ले उड़ा चोर

देवास। तहसीलदार शहर पूनम तोमर के सरकारी आवास में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई। घर के सीसीटीवी कैमरों की परवाह न करते हुए चोर ने करीब 1 घंटा घर में उथल-पुथल मचाई। तहसीलदार तोमर के पति के बैग से चोर 80 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात घर पर लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है।
देवास शहर तहसीलदार पूनम तोमर पति के साथ जरूरी काम से इंदौर गई हुई थीं। इस दौरान उनके घर पर कोई भी नहीं था। सिविल लाइन स्थित शासकीय आवास में करीब 1 बजे मुंह पर मास्क लगाए चोर घुसा और इसके बाद करीब 1 घंटा तक चोर ने घर का सारा सामान उलट पलट कर रख दिया।
इस दौरान उसने घर में आठ जगह ताले तोड़े। इसके पहले बाहर का मुख्य दरवाजा बंद कर उसमें तार बांध दिया ताकि कोई उसे खोल ना सके। साथ ही चोर ने परिसर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी तार निकालकर बंद कर दिया।
डीवीआर की जगह ले गया दूसरा बक्सा
तहसीलदार तोमर के घर के बाहर परिसर का कैमरा बंद करने के बाद चोर ने निश्चिंत होकर पूरे घर में उथल-पुथल मचाई और उनके पति के बैग से 80 हजार रुपये चुरा लिए। चोर ने बाहर का कैमरा बंद करने के बाद अंदर लगे कैमरों पर ध्यान ही नहीं दिया, जिसके चलते पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई। जाते – जाते चोर डीवीआर समझकर एक अन्य बक्सा उठा ले गया।
कैमरे बंद होने पर हुई थी शंका
आमतौर पर बाहर जाते समय तहसीलदार पूनम तोमर मोबाइल पर घर के कैमरे चेक करती हैं। रविवार को भी उन्होंने जब चेक किया, तो दोपहर करीब 1 से 1:15 के बीच में परिसर का कैमरा बंद हो गया था। बिजली जाने की शंका में उन्होंने इस बात पर ध्यान नहीं दिया। जब करीब 3 घंटे तक कैमरा नहीं चला तो उन्होंने ड्राइवर से फोन पर घर जाकर चेक करने को कहा, जिसके बाद उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी मिली।
कोतवाली पुलिस कर रही जांच
इधर वारदात की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाने से थाना प्रभारी पवन यादव अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर जाकर सीसीटीवी कैमरे चेक किए। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी सरकारी आवास में दिनदहाड़े इस प्रकार की चोरी हो चुकी है। खास बात यह है कि जहां चोरी की वारदात हुई उसके सामने ही सांसद कार्यालय, एसडीएम निवास व अन्य अधिकारियों के निवास भी हैं। बावजूद इसके किसी का तहसीलदार के निवास की ओर ध्यान नहीं गया।


