अभा महापौर परिषद बैठक: नगरीय निकाय के लिए भी अधिकारियों के अलग कैडर की मांग

बुरहानपुर। अधिकारी नगरीय निकायों में रहकर प्रशिक्षण लेते हैं, काम करते हैं और दूसरे विभागों में चले जाते हैं। आइएएस, आइएफएस की तरह नगरीय निकायों के अधिकारियों का भी अलग कैडर होना चाहिए। इस कैडर के अधिकारियों का एक नगरीय निकाय से दूसरे निकाय में स्थानांतरण होना चाहिए, ताकि अपने अनुभवों से वे नगरीय निकायों की व्यवस्था को बेहतर से बेहतर कर सकें। इसके लिए अखिल भारतीय महापौर परिषद के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी आग्रह किया गया है। सम्मेलन में बुरहानपुर की मेयर माधुरी पटेल को अखिल भारतीय महापौर परिषद की नई अध्यक्ष चुना गया।
ये बातें अखिल भारतीय महापौर परिषद (एआइसीएम) के महामंत्री उमाशंकर गुप्ता ने सोमवार को बुरहानुपर में कहीं। वे परिषद की यहां आयोजित 52वीं साधारण सभा को संबोधित कर रहे थे। इसमें 14 राज्यों के 32 महापौर शामिल हुए। इनमें 17 महिला महापौर थीं। गुप्ता ने कहा कि अभी सभी नगरीय निकायों में महापौर के कार्यकाल में अंतर है। दिल्ली जैसे शहर में मेयर का एक साल का ही कार्यकाल है। इतना समय तो मेयर को लोगों से पहचान बनाने में लग जाता है, फिर वह काम कैसे करेगा।
सभा में यह मांग भी उठी कि 1994 में जो 74वां संशोधन किया गया है, उसे सारे नगरीय निकायों में एक समान लागू किया जाए। इसमें स्पष्ट है कि नगर के विकास के सारे अधिकार नगरीय निकायों के पास रहेंगे और उसकी योजनाएं परिषद ही बनाएगी। विकास की सारी एजेंसियां उनके अंतर्गत ही रहेंगी। शहर का विकास कैसा हो, यह तय करने का अधिकार महापौर व पार्षदों के पास होता है। 74वें संशोधन के बाद भी सारे अधिकार नगरीय निकायों को नहीं मिले हैं। इसी दौरान बाल संरक्षण आयोग के प्रदेश अध्यक्ष द्रविड़ मोरे ने कहा कि सभी नगरीय निकायों को अपने बजट में बाल संरक्षण व विकास कार्यो के लिए राशि का प्रविधान रखना चाहिए ताकि वे बाल हितों के लिए काम कर सके।
इन शहरों के महापौर और निवर्तमान महापौर शामिल हुए
देहरादून के महापौर सुनील गामा, ऋषिकेश की अनीता मामगई, मदुरई के उदय कुमार, अवादी तमिलनाडु की इंद्राणी पोंनवसंत, अबोहर पंजाब के विमल थाथई, दिल्ली की महापौर शैली ओबेराय, जम्मू के राजेंद्र शर्मा, प्रयागराज की निवर्तमान महापौर अभिलाषा गुप्ता, बनारस की निवर्तमान महापौर मृदुला जायसवाल, कानपुर की निवर्तमान महापौर प्रमिला पांडेय, शिवमोगा कर्नाटक से शिवकुमार जी, भावनगर गुजरात की कीर्ति बेन दानिधरिया, जूनागढ़ गुजरात से गीता बेन परमार, जामनगर गुजरात से बीना बेन कोठारी, भोपाल महापौर मालती राय, देवास महापौर गीता अग्रवाल, उज्जैन के मुकेश टटवाल, खंडवा महापौर अमृता यादव, इंदौर के पुष्यमित्र भार्गव, कोटा नार्थ राजस्थान मंजू मेहरा, बीरगांव छत्तीसगढ़ के नंदलाल देवगन, रायपुर छग के एजाज ढेबर, अंबाला हरियाणा की शक्तिरानी शर्मा, रामागुंडम तेलंगाना के बांगी अनिल कुमार, सूरत गुजरात की हेमाली के बोघालवाला, आगरा उत्तर प्रदेश के निवर्तमान महापौर नवीन जैन, जबलपुर के जगत बहादुर सिंह अन्नू और मुरैना के महापौर सम्मेलन में पहुंचे।
इंदौर की प्रशंसा
पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने कहा कि इंदौर नगर निगम ने सोलर एनर्जी के लिए ग्रीन बांड लाया है। इस तरह के प्रयोग नगरीय निकायों के लिए महत्वपूर्ण होंगे। इंदौर में मोहल्ला समितियों ने स्वच्छता कार्य में अहम भूमिका निभाई। शहर में 104 उद्यान विकसित कर इंदौर निगम हरित फेफड़े विकसित कर रहा है। सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क का उपयोग कर शहर को सुरक्षित बनाया जा रहा है। इसी तरह अन्य शहरों को ट्रैफिक, प्रदूषण, प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के प्रयास करना चाहिए। उधर, खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि इंदौर में रंगपंचमी पर गेर निकली और दो घंटे में सड़कें साफ कर दी गईं। इस तरह निकायों के कार्य होने चाहिए।
सभा में किसने क्या कहा
प्रत्यक्ष तरीके जम्मू में भी हो चुनाव
जम्मू में भी प्रत्यक्ष तरीके से महापौर का चुनाव होना चाहिए। ऐसा होने से नगरीय निकायों के कार्यों पर ब्यूरोक्रेसी हावी नहीं रहेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी सम्मान मिल सकेगा।
– राजेन्द्र शर्मा, महापौर जम्मू।
दिल्ली में हैं चुनौतियां
दिल्ली में मेयर का एक साल का कार्यकाल होता है। ऐसे में चुनौतियां काफी होती हैं। इंदौर की तरह मैं भी अपने शहर को साफ-सफाई में बेहतर बनाना चाहती हूं। कूड़े के पहाड़ों को हटाना लक्ष्य है।
– शैली ओबेराय, महापौर दिल्ली
न हो टकराव
लोकल बाडी का राज्य सरकार या महापौर का सांसद से टकराव नहीं होना चाहिए, विकास कार्य प्रभावित होते हैं।
– नवीन जैन, निवर्तमान महापौर आगरा
स्मार्ट सिटी में महापौर मेहमान कलाकार
स्मार्ट सिटी में महापौर को मेहमान कलाकार की भूमिका दी गई है। अच्छा काम होता है तो अधिकारी अपनी पीठ थपथपाते हैं और बुरा काम होने पर महापौर के जिम्मेदारी तय कर दी जाती है।
– एजाज ढेबर, महापौर, रायपुर
ताप्ती में करूंगी स्नान, जानूंगी इतिहास
बुरहानपुर में इतिहास को जानूंगी, यहां ताप्ती में स्नान करूंगी, उस जगह को भी देखने जाऊंगी जहां भगवान राम रुके थे।
– प्रमिला पांडे, कानपुर की निवर्तमान महापौर
बुरहानपुर में सड़कों का विकास बेहतर हो जाए तो यहां तीर्थ पर्यटन को काफी गति मिलेगी।
– मृदुला जायसवाल, काशी की निवर्तमान महापौर
इंदौर सहित मप्र के अन्य शहरों में सफाई के लिए किए जा रहे नए नवाचारों को देख अपने शहरों में सफाई के कार्यों में बदलाव करने में हमें सहयोग मिलता है।
– अभिलाषा गुप्ता, प्रयागराज की निवर्तमान महापौर
इंदौर महापौर ने की सहभागिता
इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुरहानपुर में आयोजित 52वीं अखिल भारतीय महापौर परिषद की साधारण सभा में 14 राज्यों से पधारे महापौर मित्रों के साथ सहभागिता की।


