ब्रेकिंग
सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म,भोपाल को साफ करने में जुटे स्वच्छता मित्र भोपाल सहित कई शहरों में दिवाली से पहले सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप भोपाल मेट्रो: रोज करीब 5 लाख रुपये खर्च, महीनेभर में सिर्फ 5 लाख रुपये की आय पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान (पीएसएससीआईवीई), एनसीईआरटी भोपाल की हरियाली पर फिर खतरा, शिवाजी नगर से चार इमली तक री-डेंसिफिकेशन की तैयारी क्या दतिया में फिर से उपचुनाव होगा? बढ़ेंगी घनश्याम सिंह की मुश्किलें? मध्य प्रदेश में लागू नहीं होगा 27 प्रतिशत OBC आरक्षण, 14% मान्य, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला 450 करोड़ के रेलवे स्टेशन की व्यवस्था पर सवाल, प्लेटफॉर्म पर घूमती दिखीं भैंसें MPPSC की परीक्षा अगले साल दो बार होगी , 12 मेडिकल कॉलेज बनेंगे , सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान CM यूथ कॉन्क्लेव 2026’ 6 अक्टूबर को भोपाल में होगा
मध्यप्रदेश

रोमांच से भर देता है जोगा किला और उसका खूबसूरत सफर

इंदौर। मध्य प्रदेश एक ऐसा प्रदेश जो न केवल अपने प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पर्यटकों को आकर्षित करता है, बल्कि इतिहास के खूबसूरत उदाहरणों से अपने अस्तित्व का प्रमाण देते हुए सैलानियों को आज भी यहां बुला ही लेता है। एसयूवी और हार्ले डेविडसन पर सफर करने वाली आज की पीढ़ी के ट्रैकिंग के शौक भी इस प्रदेश में बखूबी पूरे होते हैं। यहां उन स्थानों की भी कमी नहीं, जहां आप आराम के साथ रोमांच का भी अनुभव कर सकें और इन्हीं स्थानों में से एक है ‘जोगा किला’।

प्रकृति, इतिहास, रोमांच, ट्रैकिंग सभी खूबियों से सजा जोगा किला एक ऐसा स्थान है जिसका आनंद आप एक दिन की छुट्टी में भी ले सकते हैं। इंदौर से करीब 140 किमी दूर बने जोगा किला की सबसे खास बात है कि यह नर्मदा नदी के बीच स्थित टापू पर बना है। इसलिए, आजकल के मौसम में भी वहां जाया जा सकता है। बरसात के विदा लेते मौसम से लेकर गर्मी के तेवर तल्ख होने के पहले तक यहां जाया जा सकता है। किले से पहले मंदिर और फिर नाव के जरिए नदी पार करने का भरपूर आनंद लेकर किले में प्रवेश किया जा सकता है।

जोगा नाम पड़ने पर हैं कई मत

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा लगाए गए शिलालेख के अनुसार, इस दुर्ग का निर्माण मुगल बादशाह औरंगजेब ने पूर्व से यहां स्थित एक दुर्ग स्थल पर कराया था। पूर्व में इसका निर्माण 1406 ई. में मांडू के सुल्तान होशंगशाह गौरी ने कराया था। किवदंती यह भी है कि इस किले का निर्माण राव जोगा सिंह जाट ने कराया था, इसलिए इसे जोगा किला कहा जाता है। जबकि, कुछ का मत है कि टापू का नाम जोगा होने के कारण इसे जोगा किला कहा जाता है।

दो रास्ते और मंजिल एक

ट्रैवलर ज्ञानदीप श्रीवास्तव बताते हैं इंदौर से इस स्थान तक दो मार्गों से पहुंचा जा सकता है। इंदौर से नेमावर मार्ग से चापड़ा, कन्नौद होते हुए सतवास जाकर दातुनी नर्मदा माता मंदिर तक अपने वाहन से पहुंचा जा सकता है। इस मंदिर से किले पर जाने के लिए नर्मदा पार करना एकमात्र जरिया है।

दूसरा मार्ग इंदौर से नेमावर जाकर वहां से नर्मदा नदी के किनारे होते हुए इस मंदिर तक पहुंचा जा सकता है। नेमावर से यहां की दूरी 24 किमी है। चूंकि, मंदिर भी ऊंचाई पर स्थित है इसलिए आस-पास के नजारे और भी खूबसूरत दिखाई देते हैं। नाव से टापू पर पहुंचने के बाद करीब 150 मीटर ऊपर की ओर चढ़ते हुए किले में प्रवेश होता है। इस तरह यहां ट्रैकिंग का भी लुत्फ लिया जा सकता है। टापू पर सघन वन भी हैं, जो इसकी खूबसूरती बढ़ा देता है। इस जंगल में आप सुरक्षित रूप से पिकनिक का आनंद भी ले सकते हैं।

मैगी से दाल बाफले तक की है व्यवस्था

हरदा जिले में आने वाले इस किले तक पहुंचने का मार्ग जितना खूबसूरत है, उतना ही सुंदर नजारा किले से भी है। इसके अलावा नदी के किनारे बने दातुनी नर्मदा संगम पर दातुनी नर्मदा माता का मंदिर है। यहां नर्मदा में मौसमी नदी आकर मिलती है। टापू और किले पर आपको भोजन-पानी नहीं मिलेगा, लेकिन इस मंदिर में आप मैगी से लेकर दाल-बाफले की पार्टी तक का आनंद ले सकते हैं। यहां दोस्त और परिवार किसी के साथ भी सैर-सपाटे का आनंद लिया जा सकता है। यदि आप किले पर जा रहे हैं तो भोजन-पानी अपने साथ लेकर जाएं। नदी की गहराई कहीं-कहीं बहुत अधिक है, इसलिए नाव में मस्ती नहीं करें। रात होने से पहले शहरी सीमा में वापस जाएं।

Related Articles

Back to top button